Bareilly News: शिवपुरी के दो घरों में डकैती, परिवार को कमरे में बंदकर नकदी-जेवर लूट ले गए बदमाश
बरेली के शिवपुरी गांव में शनिवार रात डकैतों ने दो घरों को निशाना बनाया। परिवार के सदस्यों को कमरे में बंद कर नकदी और जेवर लूट लिए। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पीड़ित परिवार कई घंटे तक थाने में बैठा रहा। कैबिनेट मंत्री के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
शिवपुरी निवासी डॉ. रमेश चंद्र शर्मा सेवानिवृत्त प्रवक्ता हैं। शनिवार रात परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। रात करीब दो बजे आहट होने पर रमेश चंद्र शर्मा की आंख खुली। उन्होंने दरवाजा खोलने का प्रयास किया, मगर बाहर से कुंडी लगी होने की वजह से वह कामयाब नहीं हुए।
इसके बाद उन्होंने दूसरे कमरे में सो रहे बेटे अरविंद को कॉल की। अरविंद के कमरे का दरवाजा भी बाहर से बंद था। बाद में छानबीन से पता चला कि छत के रास्ते घर में घुसकर बदमाश अलमारी में रखे 24 हजार रुपये के साथ करीब 15 लाख कीमत के जेवरात ले गए।
पड़ोसी बाबू बख्श के मकान को भी डकैतों ने निशाना बनाया। परिवार को कमरे में बंदकर वह यहां से छह हजार की नकदी सहित कई लाख के जेवरात ले गए। गांव निवासी लखन शर्मा के मकान में भी घुसने का प्रयास किया मगर कामयाबी नहीं मिली। पड़ोसियों ने दरवाजा खोलकर दोनों परिवारों को बाहर निकाला। रात में ही सिरौली थाने में सूचना दी। परिवार थाने भी पहुंचा।
पुलिस ने सुबह तहरीर लेकर आने की बात कहकर टरका दिया। सुबह तहरीर लेकर पहुंचने के बाद यहां पीड़ित परिवार को दोपहर तक बैठाया गया। इसके बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। आरोप है कि लूटपाट करने वालों की संख्या कम करने का दबाव बनाया गया। दी गई तहरीर पर थाना पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तैयार नहीं हुई।
इस पर परिवार ने एसएसपी को जानकारी दी। कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह को भी घटनाक्रम से अवगत कराया गया। मंत्री के हस्तक्षेप करने के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। वहीं फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉयड ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पड़ोस के एक मकान में लगे सीसीटीवी में चार संदिग्ध घर की ओर जाते दिखे हैं। जांच की जा रही है। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।