नुपुर की गिरफ्तारी की मांग: तौकीर बोले- निलंबन से आधा काम हुआ है, कानूनी कार्रवाई हो, ऐसा न हुआ तो धरने की घोषणा रहेगी बरकरार
मौलाना तौकीर रजा ने घर पर पत्रकारों से बात करते हुए नुपुर के निलंबन का स्वागत किया। साथ ही कहा कि अभी आधा काम हुआ है। मामले में भाजपा प्रवक्ता नुपुर शर्मा की गिरफ्तारी भी की जाए। साथ ही कहा है कि गिरफ्तारी न होने तक वह 10 जून के धरना प्रदर्शन की घोषणा को वापस नहीं लेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा प्रवक्ता नुपुर शर्मा के पार्टी से निलंबन का आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां ने स्वागत किया है। कहा, अभी आधा काम हुआ है, नूपुर की गिरफ्तारी भी की जाए। गिरफ्तारी न होने तक वह 10 जून के धरना-प्रदर्शन की घोषणा को वापस नहीं लेंगे।
मौलाना तौकीर रजा ने ये बातें रविवार रात अपने घर पर पत्रकारों से बात करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि उनकी ओर से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखा गया था कि पैगंबर मोहम्मद साहब के खिलाफ एक भी गलत शब्द बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। नुपुर शर्मा ने करोड़ों अनुयायियों की भावनाओं को आहत किया है। लिहाजा उन्हें पार्टी से निलंबित कर गिरफ्तार करने की मांग की थी। मांग न माने जाने पर आठ दिन का समय देते हुए 10 जून को देश भर में एक साथ धरना प्रदर्शन का एलान किया था।
आईएमसी प्रमुख ने कानपुर में एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया। कहा, कानपुर में जो कुछ हुआ, उसकी वह निंदा करते हैं, लेकिन अब जो एकतरफा कार्रवाई की जा रही है वह सरासर गलत है। सही बात तो यह है कि वहां प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पथराव किया गया। तभी झड़प हुई। लिहाजा एकतरफा कार्रवाई न करके सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। सरकार मौन तोड़े और स्थिति स्पष्ट करे। पार्टी के मीडिया प्रभारी मुनीर इदरीसी ने बताया कि सोमवार को उलमा और बुद्धिजीवियों की बैठक होगी। इसमें 10 जून के धरना प्रदर्शन पर निर्णय लिया जाएगा।
निलंबन की कार्रवाई पर प्रधानमंत्री और भाजपा अध्यक्ष का किया शुक्रिया
जमात रजा मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान हसन खान ने नुपुर शर्मा के निलंबन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का शुक्रिया अदा किया है। साथ ही नुपुर की गिरफ्तारी की मांग की है। फरमान हसन ने कहा कि भाजपा प्रवक्ता को बर्खास्तगी कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री और पार्टी अध्यक्ष को पत्र लिखा था। इधर, जमात के प्रवक्ता समरान खान ने भी नुपुर के खिलाफ कार्रवाई को भाजपा अध्यक्ष का अच्छा कदम बताया है। उन्होंने कहा कि अभी पार्टी ने कार्रवाई की है, लेकिन कानूनी कार्रवाई होनी बाकी है।