Bareilly News: नजरबंद किए जाने पर भड़के मौलाना तौकीर रजा, सीएम योगी को बताया तानाशाह; नहीं दे सके धरना
तौकीर रजा ने बुधवार दोपहर इस्लामिया मैदान में धरना प्रदर्शन का एलान किया था। सुबह ही पुलिस ने मौलाना और संगठन के चार पदाधिकारियों को उनके घरों में नजरबंद कर दिया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में इत्तेहाद-ए-मिल्लत कौंसिल के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां आखिरकार इस्लामिया मैदान में धरना नहीं दे सके। पुलिस ने बुधवार सुबह से ही उन्हें और चार पदाधिकारियों को नजरबंद कर इस्लामिया मैदान को जाने वाले सभी रास्ते सील कर दिए। मौलाना ने बिहारीपुर चौकी के पास एक घर के बाहर सड़क पर बैठकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर गुस्सा दिखाया।
तौकीर रजा ने बुधवार दोपहर इस्लामिया मैदान में धरना प्रदर्शन का एलान किया था। बुधवार सुबह ही पुलिस ने मौलाना और संगठन के चार पदाधिकारियों को उनके घरों में नजरबंद कर दिया। इनमें डॉ. नफीस खान, नदीम खान, मुनीर इदरीशी और नदीम कुरैशी शामिल थे। बाद में मौलाना तौकीर समेत सभी लोग पुलिस बल की मौजूदगी में ही करोलान मस्जिद बिहारीपुर से सटे नदीम खान के आवास पर आ गए।
वहां सीओ प्रथम श्वेता यादव के साथ आसपास के कई थानों की पुलिस और आरआरएफ (रैपिड रेस्पांस फोर्स) मौजूद रही। दोपहर 12 बजे मौलाना ने धरनास्थल जाने का प्रयास किया, मगर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। उन्हें बताया कि वह नजरबंद हैं। मौलाना से पुलिस की कुछ देर बहस भी हुई। मस्जिद और मदरसे के बीच गैलरी में धूप के बीच ही मौलाना जमीन पर बैठ गए। यहां उन्होंने सीएम योगी को तानाशाह बताते हुए नारेबाजी की। शाम पांच बजे सभी पदाधिकारियों के घरों व ग्राउंड से पुलिस ने पहरा हटा लिया। एहतियात के तौर पर कुछेक पुलिसकर्मी मौके पर रह गए हैं।
मौलाना कैफ ने किया समर्थन
उस्ताद-ए-जमन ट्रस्ट के मौलाना कैफ रजा कादरी ने धरना देने की अनुमति न मिलने को तानाशाही का प्रतीक बताया। उन्होंने प्रदेश में खराब हो रही कानून व्यवस्था, फर्जी मुठभेड़ और पुलिस अभिरक्षा में हत्या जैसे मुद्दों पर प्रस्तावित धरने का समर्थन किया।
मैदान में नहीं पहुंचे लोग
मंगलवार शाम से मौलाना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वह लोगों से बिना डरे धरने में आने की बात कह रहे हैं। हालांकि इस अपील का खास असर नहीं दिखा। पुलिस ने ग्राउंड के आसपास के रास्तों पर बैरिकेडिंग जरूर लगाई, लेकिन लोगों को आने-जाने से नहीं रोका। इसके बावजूद ग्राउंड में लोग नहीं पहुंचे।