सावन में सफर मुश्किल: कांवड़ यात्रा के बीच 42 ट्रेनें निरस्त, 12 डायवर्ट; रोडवेज बसों का भी रूट बदला
रोजा यार्ड में मेगा ब्लॉक के कारण 42 ट्रेनों को निरस्त किया गया है, जबकि 12 गाड़ियों का रूट बदला है। वहीं कांवड़ यात्रा के चलते रोडवेज बसों के रूट भी डायवर्ट किए गए हैं। इससे सावन में सफर करना मुश्किल हो गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कांवड़ यात्रा के दौरान बरेली होते हुए गुजरने वाली 42 ट्रेनों को निरस्त और 12 को डायवर्ट कर दिया गया है। रोजा यार्ड में रिमॉडलिंग के कारण दिल्ली-लखनऊ और लखनऊ देहरादून रेल रूट पर सात अगस्त तक परेशानी रहेगी। ब्लॉक के कारण 54 ट्रेनों के प्रभावित होने से बरेली से अलग-अलग दिशाओं में जाने वाले रोजाना 20 हजार से ज्यादा यात्री प्रभावित हो रहे हैं।
ब्लॉक के कारण जिन ट्रेनों को निरस्त और डायवर्ट किया गया है, उनमें ज्यादातर बरेली होते हुए पूर्वांचल, बिहार, बंगाल, दिल्ली, पंजाब, जम्मू और उत्तराखंड जाने-आने वाली ट्रेनें हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान बरेली-मुरादाबाद-हरिद्वार, बरेली-मुरादाबाद-गढ़मुक्तेश्वर सड़क मार्ग पर भारी वाहनों समेत रोडवेज बसों का भी रूट डायवर्ट कर दिया गया है।
इससे बसों में किराये के साथ यात्रा में लगने वाला समय भी बढ़ गया है। इस कारण ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव बढ़ गया है। इससे दैनिक यात्रियों को सबसे ज्यादा समस्या हो रही है। सबसे ज्यादा समस्या बरेली-दिल्ली, बरेली-हरिद्वार-देहरादून रूट पर है।
अगस्त के पहले सप्ताह तक ये ट्रेनें निरस्त
15011/12 लखनऊ-चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस, 14235/36 बरेली-बनारस एक्सप्रेस, 15075/76 त्रिवेणी एक्सप्रेस, 15127/28 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को पांच और 22453/54 राज्यरानी एक्सप्रेस, 15073/74 त्रिवेणी एक्सप्रेस को छह अगस्त तक निरस्त कर दिया गया है।
इसके अलावा 15119/20 जनता एक्सप्रेस, 14241/42 नौचंदी एक्सप्रेस, 12491/92 श्रमजीवी एक्सप्रेस, 15211/12 जननायक एक्सप्रेस, 15623/24 भगत की कोठी-कामख्या एक्सप्रेस, 15531/32 सहरसा-अमृतसर-सहरसा एक्सप्रेस, 15655/56 कामख्या-वैष्णो देवी एक्सप्रेस, 22423/24 गोरखपुर-अमृतसर एक्सप्रेस, 12407/08 कर्मभूमि एक्सप्रेस, 15909/10 अवध असम एक्सप्रेस, 15904/03, चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस, 14617/18 जनसेवा एक्सप्रेस, 22551/52 अंत्योदय एक्सप्रेस, 4603/04 गरीबरथ एक्सप्रेस, 15043/44 लखनऊ-काठगोदाम एक्सप्रेस को पहले ही पांच, छह और सात अगस्त तक निरस्त किया जा चुका है।
रेलवे को वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए
व्यापारी अमान हुसैन ने बताया कि बरेली से दिल्ली और बरेली से लखनऊ के बीच चलने वाली ट्रेनों में भीड़ के कारण स्थिति पहले ही खराब है। अब 42 ट्रेनों को निरस्त और 12 को डयवर्ट किए जाने के बाद हालात और खराब होंगे। रेलवे को वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए।
ट्रांसपोर्टर शोभित सक्सेना ने बताया कि बड़ी संख्या में ट्रेनों को निरस्त किया गया है। कांवड़ यात्रा के दौरान कई रूटों पर सड़क परिवहन भी डायवर्ट है। बरेली-लखनऊ रेल रूट पर ब्लॉक है, लेकिन रेलवे बरेली-दिल्ली रूट पर अतिरिक्त ट्रेन चलाकर समस्या को कुछ कम कर सकता है।
व्यापारी पुष्पेंद्र शुक्ला ने बताया कि इन दिनों समस्या बढ़ी हुई है। दिल्ली-लखनऊ रूट पर सामान्य दिनों में भी समस्या रहती है। कांवड़ के दिनों में सड़क मार्ग डायवर्ट कर दिया गया है। रेलवे को यह पहले से समझाना था। इन दिनों ट्रेनों के निरस्तीकरण ने दैनिक यात्रियों को ज्यादा परेशान किया है।
व्यापारी नेता अनुज पांडेय ने कहा कि रोजा में ब्लॉक के कारण 54 से ज्यादा ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। 42 ट्रेनों को निरस्त और 12 को डायवर्ट किया गया है। दो महीने पहले टिकट कराया था। टिकट कन्फर्म भी हो गया था। अब मालूम पड़ा है कि जिस तारीख में यात्रा करनी थी उस तारीख में ट्रेन निरस्त है।