रील बनाने के चक्कर में कुचल गया सिर: पैर फिसलने से गिरा फैजान, माथे पर आ गिरी 'मौत'; देखें हादसे का लाइव Video
यूपी के बरेली स्थित बिजौरिया रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास ये दर्दनाक हादसा हुआ है। घटना के बाद से मोहम्मद फैजान के छह भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विस्तार
यूपी के बरेली स्थित बिजौरिया रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास रील बनाते समय पैर फिसलने से अनियंत्रित होकर गिरे युवक के सिर पर स्लैब गिर गया। इससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव रिछोला निवासी मोहम्मद फैजान (22 वर्ष) के तौर पर हुई। वह हेयर कटिंग करता था।
परिवार ने पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास ही अतिरिक्त स्लैब सड़क के किनारे रख दिए गए हैं। शाम करीब पांच बजे फैजान इन स्लैब पर खड़े होकर रील बना रहा था। अचानक उसका पैर फिसल गया। अनियंत्रित होकर वह नीचे गिरा तो एक स्लैब भी खिसककर उसके सिर पर गिर गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर परिजन शव को घर ले गए।
घूमने के लिए निकला था, मिली मौत की खबर
पिता मेहंदी हसन ने बताया कि फैजान शाम करीब पांच बजे दोस्त अनुज के साथ घूमने के लिए घर से निकला था। कुछ देर बाद उसकी मौत की खबर मिली। हादसे के बाद फैजान के भाई हुस्ने मुस्तफा, नूरे मुस्तफा, जीशान, उवैश और दो बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।