Shahjahanpur: एसपी दफ्तर में युवक ने खुद को लगाई आग, हालत गंभीर; अखिलेश ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
शाहजहांपुर में गांव सिहरान निवासी ताहिर अली ने मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे एसपी दफ्तर में खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। सिपाहियों ने कंबल डाल कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ताहिर अली गंभीर रूप से झुलस गया। उसे लखनऊ रेफर किया गया है। इस घटना को लेकर अखिलेश यादव ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शाहजहांपुर में साझेदार से दो वाहनों पर कब्जे के विवाद में पुलिस के सुनवाई न करने से आहत कांट थाना क्षेत्र के सेहरान गांव निवासी ताहिर अली (40 वर्ष) ने एसपी दफ्तर के गेट पर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। लपटों से घिरने के बाद वह दफ्तर के भीतर तक पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने जब तक आग पर काबू पाया, वह 50 फीसदी झुलस गए। आनन-फानन उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया। घटना की जांच एसपी सिटी को सौंपी गई है।
पेशे से ड्राइवर ताहिर के अनुसार, उन्होंने सदर बाजार क्षेत्र के चिनौर निवासी उमेश तिवारी को दो पिकअप वाहन किराये पर दिए थे। कुछ समय बाद उमेश ने किराया देना बंद कर वाहन लौटाने से भी इन्कार कर दिया। एसपी से शिकायत के बाद पुलिस ने वाहन उनकी सुपुर्दगी में दे दिए थे। ताहिर का आरोप है कि वाहनों को ले जाते समय उमेश और उसके साथियों ने रास्ते में घेराबंदी कर हमला किया। वाहन छीनने की भी कोशिश की। इस मामले में ताहिर ने केस दर्ज कराया था।
ताहिर का आरोप है कि डेढ़ माह बाद पुलिस ने सियासी दबाव में वाहनों को उनके घर से उठवाकर शहबाजनगर चौकी पर खड़ा करा दिया। वाहनों को छुड़वाने के लिए उन्होंने कोर्ट में अर्जी दी। इस बीच चौकी से वाहन गायब करा दिए गए। लगातार चक्कर काटने के बाद भी पुलिस सुनवाई नहीं कर रही थी। इससे आहत ताहिर मंगलवार को दोपहर 11:58 बजे पत्नी महनाज और तीन बच्चों के साथ एसपी दफ्तर पहुंचे और आत्मघाती कदम उठा लिया।
शर्मनाक... वीडियो बनाने व उकसाने में जुटे रहे लोग
आग की लपटों से घिरे ताहिर को बचाने के बजाय मौके पर मौजूद कुछ लोग उन्हें एसपी दफ्तर के भीतर दाखिल होने के लिए उकसाते और वीडियो बनाते नजर आए। वहीं, ताहिर के बच्चे बोतल से पानी डालकर आग बुझाने के प्रयास में जुटे रहे। घटना के वायरल वीडियो से इसकी पुष्टि के बाद पुलिस ने तीन लोगों की पहचान की है। एसपी के अनुसार इन पर कार्रवाई की जाएगी।
एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि ताहिर और उमेश के बीच दो वाहनों को लेकर विवाद चल रहा है। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। मामले की जांच एसपी सिटी संजय कुमार को सौंपी गई है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
अखिलेश ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'शाहजहांपुर पिकअप चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज न करने से आहत जिस युवक ने एसपी ऑफिस के सामने पहुंच कर आग लगाई है, उसको तत्काल सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुविधा दी जाए। इसके लिए ज़िम्मेदार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुक़दमा दर्ज कर सख़्त से सख़्त कार्रवाई की जाए। यह भी लिखा, अगर सच में हर अपराध की रिपोर्ट लिखाई जाए तो पता नहीं उप्र में तथाकथित अमृतकाल ही शर्म से आत्मदाह न कर ले।