Bareilly Crime News: युवक ने किया आत्मदाह, पत्नी से झगड़े के बाद खुद को लगाई आग, जिंदा जलकर मौत
Bareilly News: बरेली में पत्नी से झगड़े के बाद युवक ने खौफनाक कदम उठा लिया। उसने ज्वलनशील पदार्थ छिड़क कर खुद को आग लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई।
विस्तार
Crime in Bareilly : बरेली के कैंट थाना क्षेत्र में एक युवक ने रविवार रात पत्नी से विवाद के बाद आत्मदाह कर लिया। उसने पत्नी से झगड़े के बाद खुद को आग लगा ली। जलन मची तो गली में दौड़ा। मोहल्ले के लोगों ने जब तक आग बुझाई, वह बुरी तरह जल चुका था। मौके पर ही मौत हो गई।
बारादरी थाना क्षेत्र के सकलैन नगर का मूल निवासी 38 वर्षीय सलीम कबाड़ा बीनकर रोजी रोटी चलाता था। वह काफी समय से कैंट क्षेत्र के मुस्तफा नगर सैदपुर खजुरिया में किराये के मकान में परिवार के साथ रहता था। उसकी पत्नी नाजमीन लोगों के घरों में झाड़ू-पोछा करती है।
पड़ोसियों ने बताया कि सलीम शराब पीने का आदी था। अक्सर इसी वजह से दंपती में झगड़ा होता था। रविवार रात सलीम फिर नशे की हालत में आया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह कपड़ों पर पहले ही कोई ज्वलनशील पदार्थ डालकर आया था। दरवाजे पर ही उसका पत्नी से फिर झगड़ा होने लगा।
आग लगाकर गली में दौड़ा
बताते हैं कि गालीगलौज करते सलीम ने माचिस निकालकर खुद को आग लगा ली। जरा सी देर में उसका शरीर आग का गोला बन गया। वह घर से बाहर गली में दौड़ा। चीख-पुकार सुनकर जुटे पड़ोसियों ने गीले कपड़े से आग बुझाकर सलीम को बचाने का प्रयास किया लेकिन गंभीर रूप से झुलसने की वजह से उसकी वहीं मौत हो गई।
इस घटनाक्रम का किसी ने वीडियो बना लिया, इसमें कई लोग आग बुझाने का प्रयास करते दिख रहे हैं। सूचना पर कैंट थाना प्रभारी राजेश कुमार यादव भी मौके पर पहुंच गए।