Bareilly News: मां तुझे प्रणाम का आगाज आज, वॉक फार यूनिटी में जुटेगा शहर, देशभक्ति को देंगे संदेश
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अमर उजाला की ओर से आयोजित मां तुझे प्रणाम कार्यक्रम इस बार भी हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। शहर के सामाजिक संगठन भी इस कार्यक्रम में जुड़ गए हैं। इसका आगाज मंगलवार को वॉक फॉर यूनिटी से हो रहा है।
विस्तार
बरेली के शहरवासियों में देश प्रेम की अलख जगाने के लिए मंगलवार से अमर उजाला की ओर से आयोजित कार्यक्रम 'मां तुझे प्रणाम' का आगाज वॉक फार यूनिटी से होगा। इसमें शहर भर के लोग अपनी सहभागिता देंगे। महापौर उमेश गौतम, मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल व एडीजी जोन रमित शर्मा हरी झंडी दिखाकर यात्रा की शुरुआत करेंगे।
डीडीपुरम स्थित शहीद चौक से शंखनाद के साथ पैदल यात्रा की शुरुआत होगी। यात्रा में शहरभर के स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं, व्यापारी, उद्यमी, सामाजिक व धार्मिक संगठन के लोग शामिल होंगे और देश भक्ति का संदेश देंगे।
वॉक फॉर यूनिटी की शुरुआत सुबह सात बजे से डीडी पुरम स्थित शहीद चौक से होगी, जो शील चौराहा, बांके बिहारी मंदिर, सलोनी तिराहा होते हुए वापस शहीद चौक पर समाप्त होगी। व्यापारिक व सामाजिक संगठन की ओर से जगह-जगह यात्रा पर पुष्प वर्षा की जाएगी। स्कूली बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर चलेंगे। भारत माता की जय के जयकारों ने यात्रा मार्ग गूंज उठेगा।
सामाजिक संगठन भी करेंगे मां तुझे प्रणाम में भागीदारी
अमर उजाला की ओर से आयोजित मां तुझे प्रणाम कार्यक्रम इस बार भी हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। शहर के सामाजिक संगठन भी इस कार्यक्रम में जुड गए हैं। तीन दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम में सामाजिक संगठन भी अपने सदस्यों के साथ सहभागी होंगे और यात्रा का जगह-जगह स्वागत कर पुष्प वर्षा करेंगे।
सोमवार को अमर उजाला कार्यालय में सामाजिक संगठनों के साथ संवाद बैठक का आयोजन किया गया। इसमें कई संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। अमर उजाला स्वतंत्रता दिवस को भव्य रूप से मनाता चला आ रहा है। इस बार भी 12, 14 व 15 अगस्त को होने वाले कार्यक्रमों में शहरवासी अमर उजाला के साथ मिलकर स्वतंत्रता दिवस मनाएंगे।
कार्यक्रम में जन-जन की सहभागिता हो, इसके लिए सामाजिक संगठन के लोग भी जागरूक करेंगे, साथ ही अपने संगठन के लोगों को अधिक संख्या में जुटने के लिए प्रेरित करेंगे। संगठन की ओर से वॉक फॉर यूनिटी और तिरंगा यात्रा रैली पर पुष्प वर्षा की जाएगी। रैली के साथ चल रहे स्कूली बच्चों को जलपान वितरण किया जाएगा। वाहन रैली में भी संगठनों के पदाधिकारी शामिल होंगे और रैली में देश भक्ति व समरसता का संदेश देंगे।
- 12 अगस्त को निकलने वाली वॉक फॉर यूनिटी का आयोजन सुबह सात बजे से डीडी पुरम स्थित शहीद चौक से होगा, जो शील चौराहा, बांके बिहारी मंदिर, सलोनी तिराहा होते हुए वापस शहीद चौक पर संपन्न होगी।
- 14 अगस्त को निकलने वाली तिरंगा यात्रा (वाहन रैली) बरेली क्लब से सुबह आठ बजे शुरू होकर गांधी उद्यान, चौकी चौराहा, पटेल चौक, महादेव फ्लाई ओवर, धर्मकांटा चौराहा, सेलेक्शन प्वॉइंट चौराहा, शील चौराहा, बांके बिहारी मंदिर, केके हॉस्पिटल, आदिनाथ चौराहा, श्यामगंज होते हुए बरेली कॉलेज मैदान पर संपन्न होगी।
- 15 अगस्त के दिन गांधी उद्यान में ध्वजारोहण और शहर के चौराहों पर सुबह ठीक 10 बजे सामूहिक राष्ट्रगान होगा।
भारत विकास परिषद से संजय नेगी, इनर व्हील क्लब बरेली साउथ ग्लोरी रजनी अग्रवाल, नूतन चौधरी, इनर व्हील क्लब डॉ. नीलू मिश्रा, अग्रवाल सभा कल्याण सोसायटी से एडवोकेट हर्ष अग्रवाल, लायंस क्लब बरेली मेल्विन जाॅन्स से अरुण भार्गव, रोटरी क्लब ऑफ बरेली साउथ से संदीप मेहरा, पंजाबी महासभा की महिला इकाई की ओर से मनीषा आहुजा, बलविंदर कौर, सोनिया सेठी, शशि वेलफेयर सोसायटी से राशि पाराशरी।