बरेली कटरी कांड: दूसरे पक्ष का मुख्य आरोपी परमवीर भूमाफिया घोषित, पासपोर्ट जब्त करने की तैयारी
कटरी कांड में दूसरे पक्ष के मुख्य आरोपी परमवीर सिंह पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई है। डीएम ने उसे भूमाफिया घोषित कर दिया है। पुलिस अब उसका पासपोर्ट जब्त करने की तैयारी कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के कटरी कांड में दूसरे पक्ष के मुख्य आरोपी परमवीर सिंह को डीएम ने भूमाफिया घोषित कर दिया है। पुलिस ने उसका पासपोर्ट जब्त करने के लिए लिखापढ़ी शुरू की है, ताकि जेल से छूटने पर वह विदेश न भाग सके। बता दें कि फरीदपुर के गांव गोविंदपुर में 11 जनवरी को जमीन पर कब्जे को लेकर सुरेश प्रधान और परमवीर सिंह के पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इसमें तीन लोगों की जान चली गई थी।
फरीदपुर कोतवाली में परमवीर सिंह पर हत्या, हत्या की कोशिश व बलवा समेत कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज है। फिलहाल वह शाहजहांपुर जेल में शिफ्ट किया गया है। पुलिस परमवीर के पासपोर्ट को जब्त कराने के लिए रिपोर्ट बनाकर पासपोर्ट कार्यालय भेजेगी।
छेड़छाड़-दुष्कर्म के भी दर्ज हैं मुकदमे
कटरी कांड से पहले फरीदपुर में परमवीर के खिलाफ छेड़छाड़, दुष्कर्म जैसी धाराओं के सात मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें वह फरार चल रहा था। इन सभी मामलों में पुलिस विवेचना कर रही है। सूत्र बताते हैं कि एससीएसटी एक्ट का मुकदमा छोड़कर अन्य सभी मुकदमों में फरीदपुर पुलिस ने चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर ली है। एससीएसटी एक्ट के मुकदमे की विवेचना सीओ कर रहे हैं।
डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने बताया कि परमवीर सिंह ने गलत तरीके से आर्थिक लाभ कमाने के लिए सरकारी व निजी जमीन पर कब्जा किया था। सरकारी जमीन खाली कराकर उस पर 53 लाख रुपये का जुर्माना डाला जा चुका है। अब उसे भूमाफिया घोषित किया गया है। उसकी गलत तरीके से अर्जित संपत्ति का जब्तीकरण किया जाएगा।
आंवला सांसद ने की थी पैरवी, दबंगों से छुड़वाएं जमीन
कटरी कांड से पहले दबंगों के कब्जे से जमीन छुड़वाने के लिए जनप्रतिनिधि भी संजीदा थे। आंवला सांसद ने गोविंदपुर गांव के प्रधान की शिकायत पर डीएम को पत्र लिखकर दबंगों के कब्जे से सरकारी जमीन छुड़ाने का आग्रह किया था। अब ये पत्र वायरल हो रहे हैं।
गोविंदपुर के प्रधान अजीत सिंह ने 24 दिसंबर 2022 को डीएम को शिकायत दी थी। लिखा था कि परमवीर सिंह कृषि फार्म में ग्राम समाज की भूमि होने के संबंध में एसडीएम फरीदपुर द्वारा दिनांक 28 अक्टूबर 2022 को राजस्व टीम का गठन किया गया था। राजस्व टीम ने 17 हेक्टेयर ग्राम समाज भूमि रामगंगा नदी के दक्षिण किनारे पर चिह्नित की थी। इसकी पैमाइश के बाद सुरेश पाल सिंह तोमर आदि द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया जबकि धारा 67 के अंतर्गत वाद परमवीर सिंह के नाम दर्ज है।
अजीत सिंह के पत्र पर संज्ञान लेकर आंवला से भाजपा सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने डीएम बरेली को संबोधित करते हुए लिखा था कि अजीत सिंह ग्राम प्रधान गोविंदपुर को आपके पास भेज रहा हूं, इनकी शिकायत का निस्तारण कर दें। हालांकि कटरी कांड के बाद यह जमीन खाली करा ली गई है।