Sawan 2023: बरेली में कड़ी सुरक्षा के बीच कांवड़ियों ने किया महादेव का जलाभिषेक, मंदिरों के बाहर पुलिस तैनात
बरेली में सोमवार को मंदिरों के पट खुलते ही बम-बम भोले, हर हर महादेव के जयकारें गूंज उठे। कांवड़ियों ने गंगा जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। रविवार को हुए बवाल के मद्देनजर शहरभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में सावन के तीसरे सोमवार को शिव मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिरों में तड़के चार बजे से ही जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया। शहर के त्रिवटी नाथ, अलखनाथ, मढ़ीनाथ, वनखंडी नाथ समेत सभी नाथ मंदिरों में खासी भीड़ रही। जोगी नवादा में रविवार को हुए बवाल के मद्देनजर शहरभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है।
कछला और हरिद्वार से गंगा जल लेकर कांवड़ियों के जत्थे रविवार शाम से ही शहर में पहुंचने लगे। सोमवार को मंदिरों के पट खुलते ही बम-बम भोले, हर हर महादेव के जयकारें गूंज उठे। कांवड़ियों ने गंगा जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। प्रमुख नाथ मंदिरों में सुबह 10 बजे तक भक्तों की कतारें लगी रहीं। सभी मंदिरों के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
वनखंडी नाथ मंदिर के बाहर तैनात पुलिस
प्रसाद के रूप में बांटे गए पौधे
शहर के नाथ मंदिरों में पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के लिए श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में पौधे बांटे गए। वन राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार, कमिश्नर सौम्या अग्रवाल, डीएम शिवाकांत द्विवेदी, एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने जोगी नवादा स्थित बाबा वनखंडी नाथ मंदिर में पूजा करने आए श्रद्धालुओं को पौधे वितरित किए।
इंद्रदेव ने धोपेश्वरनाथ का किया जलाभिषेक
सावन के तीसरे सोमवार को मौसम के अजब गजब रंग भी देखने को मिले। शहर में कहीं बारिश हुई तो कहीं धूप खिली रही। कैंट स्थित धोपेश्वरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं ने बारिश के बीच भगवान का जलाभिषेक किया। उधर, आंवला के गौरी शंकर धाम में भक्तों का सैलाब उमड़ा। दोपहर तक जलाभिषेक पूजा अर्चना करने वालों की कतारें लगी रहीं।
धोपेश्वरनाथ मंदिर में बारिश के बीच कतार में खड़े भक्त