फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   Innocent trapped in jam as soon as they leave school

स्कूलों से निकलते ही जाम में फंसे मासूम

Tue, 02 Mar 2021 01:21 AM IST
Bareily Bureau बरेली ब्यूरो
Updated Tue, 02 Mar 2021 01:21 AM IST
विज्ञापन
Innocent trapped in jam as soon as they leave school
जाम में फंसी स्कूल बस। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

मम्मी.. कितनी देर में घर पहुंचेंगे

विज्ञापन

पहली से पांचवीं तक के स्कूल खुलने के बाद और खराब हुए हालात, सड़कों पर अटकते और धूल फांकते हुए घर पहुंचे बच्चे

बरेली। पांचवीं तक की कक्षाएं शुरू होने के बाद स्कूल जाने के लिए घर से निकले मासूम बच्चों पर पहले ही दिन काफी बुरी बीती। करीब साल भर बाद स्कूल में दोस्तों और शिक्षकों से मिलने का उनका जोश भीषण जाम ने ठंडा कर दिया। ट्रैफिक की लंबी कतार में फंसे बच्चे बेचैनी भरी निगाहों से अपनी स्कूल वैन और ऑटो से बाहर झांककर अंदाजा लगाने की कोशिश करते रहे कि आखिर क्यों उन्हें घर पहुंचने में इतनी देर लग रही है। हर कुछ बाद बार-बार जाम में फंसने से घर पहुंचने तक ज्यादातर बच्चे बुरी तरह पस्त हो गए।
छठी से 12वीं तक के स्कूल तो पहले ही खुल चुके हैं लेकिन सोमवार से कक्षा एक से पांचवी तक के स्कूल खुले तो एक अरसे बाद सड़कों पर यूनिफार्म पहने छोटे बच्चे भी स्कूल जाते दिखे। करीब साल भर बाद घरों से स्कूल के लिए निकले इन बच्चों ने शहर को पूरी तरह बदला पाया। स्कूल जाने वाली सड़कें खुदी पड़ी थीं। सुबह स्कूल जाते समय तो सड़कों पर ज्यादा ट्रैफिक नहीं था लेकिन छुट्टी होने के बाद स्कूलों से निकलकर मुख्य सड़क पर आते ही बच्चे पहले से लगे जाम में फंस गए। स्कूल वाहनों की अच्छी-खासी तादाद होने की वजह से सड़कों पर जाम भी आमतौर से कहीं ज्यादा था।
विज्ञापन

दोपहर को स्कूलों की छुट्टी के वक्त चौकी चौराहे पर जाम लगा हुआ था जहां कई स्कूल बसें भी फंसी हुई थीं। यही हाल किला रोड पर दिखाई दिया। तमाम बच्चों को ऑटो में लेकर उनकी मांएं लौट रही थी। परेशान बच्चे बार-बार उनसे पूछ रहे थे कि घर कितनी देर में पहुंचेंगे। चौपुला चौराहे से सिटी स्टेशन के बीच लगे जाम में भी स्कूली बच्चों के कई ऑटो और बसें फंसी हुई थीं। यहां एक तरफ सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़क पर खोदाई हो रही है। आधी सड़क पर ही पूरा ट्रैफिक दौड़ने से जाम के हालात भीषण हो गए थे। लगभग पूरे दिन लोग यहां जाम में फंसे रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

चौकी चौराहे से प्रभा टॉकीज की ओर जाने वाली सड़क पर भी खोदाई पूरी नहीं हो पाई है। अब यहां कंपनी बाग के बाहर खोदाई कराई जा रही है। यहां भी आधी सड़क पर ही ट्रैफिक चल रहा है। लिहाजा इस सड़क पर भी लगातार जाम लगा हुआ है। सोमवार को आम राहगीरों के साथ बच्चों को भी यहां दुश्वारी से जूझना पड़ा। कंपनी बाग से बियावानी कोठी तक खोदाई पूरी हो चुकी है लेकिन सड़क की मरम्मत न कराए जाने से यहां भी ट्रैफिक आधी सड़क पर ही गुजर रहा है। कंपनी बाग से विकास भवन रोड तक ट्रैफिक का दबाव अब भी बना हुआ है। स्कूलों के खुलने के बाद यहां ट्रैफिक का दबाव और ज्यादा दिखाई दिया।
सेटेलाइट से श्यामगंज तक हालात जस के तस हैं। बरेली कॉलेज के सामने से गुजरने वाली सड़क को पिछले हफ्ते बंद करने के बाद अब तक नहीं खोला गया है। खोदाई स्थल के किनारे बांस लगाकर जो बैरिकेडिंग की गई थी, बाइक लेकर निकलने वालों ने उसे हटाकर अपना रास्ता बना लिया है। इसके बाद दोपहिया वाहनों का यहां से निकलना शुरू हो गया है लेकिन एक तरफ नाला खुला होने से यहां खतरा भी बना हुआ है।

पटेल चौक पर खोदाई की धीमी रफ्तार से लगा जाम

शुक्रवार को पटेल चौक पर सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदाई शुरू की गई थी जिसके बाद सड़क का एक तरफ का हिस्सा अवरुद्ध हो गया है। नगर निगम की ओर से अयूब खां चौराहे की तरफ जाने वाला रास्ता भी इतना संकरा हो गया है कि कार जैसे हल्के वाहन भी यहां से बमुश्किल निकल पा रहे हैं। इस वजह से इस चौराहे पर भी ट्रैफिक अटकना शुरू हो गया है। बरेली कॉलेज के सामने रोड बंद होने और इधर पटेल चौक पर खोदाई शुरू होने से नावल्टी और जिला अस्पताल रोड पर जाम बढ़ गया है।

श्यामगंज: जाम में फं से लोगों में हाथापाई

बरेली। ईसाईयों की पुलिया से बियावानी चौराहे की ओर जाने वाली सड़क बंद कर दिए जाने से श्यामगंज में कई दिन से लगातार जाम लग रहा है। हर रोज यहां हालात और बदतर होते जा रहे हैं। सोमवार को यहां लगे जाम के बीच एक ई रिक्शा कार से टकरा गया जिसके बाद दोनों के चालकों में अच्छी-खासी हाथापाई हो गई। दरअसल सड़कों पर जाम के बीच इस तरह की घटनाएं शहर में रोज हो रही हैं।

श्यामगंज में बेतहाशा ट्रैफिक लोड होने के बावजूद सड़क के दोनों तरफ तमाम अवैध कब्जे हैं जिनकी वजह से यहां और भी ज्यादा जाम लग रहा है। खोदाई के बाद सड़कें टूटी-उखड़ी पड़ी हैं लिहाजा पूरे दिन धूल के अंधड़ भी चलते रहते हैं। श्यामगंज चौराहे से पहले सड़क के एक तरफ पुलिस की शह पर अवैध ई रिक्शा स्टैंड बना लिया गया है तो दूसरी ओर फल के ठेले लग रहे हैं। इस वजह से डिवाइडर होने के बावजूद सड़क की एक ही लेन पर पूरा ट्रैफिक गुजर रहा है। सोमवार को यहां लगे जाम के बीच दो लोगों के बीच जबर्दस्त हाथापाई हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को अलग किया। दुकानदाराें ने बताया कि जाम की वजह से यहां रोज किसी न किसी के बीच हाथापाई होती रहती है। फिर भी पुलिस यहां अवैध ई रिक्शा स्टैंड नहीं हटवा रही है। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने बताया कि वह रिक्शा स्टैंड नगर निगम का नहीं है। पुलिस को उसे फौरन हटवाना चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed