लोकसभा चुनाव: बदायूं से भाजपा प्रत्याशी दुर्विजय सिंह शाक्य के पास कितनी है संपत्ति, नामांकन में दिया ब्योरा
बदायूं लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी दुर्विजय सिंह शाक्य ने शुक्रवार को पहला पर्चा दाखिल किया। नामांकन पत्र में उन्होंने अपनी संपत्ति का ब्योरा दिया है। 18 अप्रैल को वह गाजेबाजे के साथ दूसरा नामांकन कराएंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी और पेशे से शिक्षक दुर्विजय सिंह शाक्य करोड़पति हैं। उन्होंने शुक्रवार को अपना पहला नामांकन पत्र भरा। जिसमें उन्होंने संपत्ति का ब्योरा दिया। उनके पास न कोई शस्त्र लाइसेंस है और न ही किसी थाने में कोई मुकदमा। वह खुद करोड़पति हैं। पत्नी की संपत्ति जोड़ दें तो दंपती के पास करीब पौने तीन करोड़ की संपत्ति है।
दुर्विजय सिंह की चल-अचल संपत्ति 1,24,70,242 रुपये है। उनकी शिक्षिका पत्नी मोना भाटिया के संपत्ति 1,49,68,277 रुपये की है। दुर्विजय सिंह शाक्य ने बताया कि पिछले वर्ष में उनकी आय 7,40,710 रुपये हुई है। पत्नी की आय 4,88, 610 रुपये रही है। दंपती के हाथ में 70 हजार रुपये नकद हैं। इसमें पत्नी के 30 हजार रुपये जुड़े हैं।
दुर्विजय सिंह शाक्य के पास नौ लाख रुपये कीमत की दो कार हैं। एक मोबाइल की कीमत दो लाख 15 हजार तथा दूसरे की 25 हजार है। इनकी पत्नी के पास स्कूटी है, जिसकी कीमत 30 हजार रुपये लगाई गई है। दुर्विजय सिंह के पास सोने के 50 ग्राम जेवर हैं। पत्नी के पास 10 लाख का सोना, 30 हजार रुपये की चांदी भी है।
विद्यार्थी परिषद से राजनीति में आए
दुर्विजय सिंह (उम्र 47 साल) बरेली के बिशप मंडल इंटर कॉलेज में शिक्षक हैं। पंजाबी समुदाय की बरेली निवासी मोना भाटिया से विवाह किया था। मोना उच्च प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका हैं। दातागंज तहसील क्षेत्र के गांव ब्रह्मपुर के मूल निवासी हैं। पहले विद्यार्थी परिषद में रहे। फिर भाजपा युवा मोर्चा में सक्रिय हुए। साल 2007 में भाजपा युवा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष बने। अब भाजपा के बृज प्रांत के क्षेत्रीय अध्यक्ष हैं।
बदायूं लोकसभा चुनाव के नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव कलक्ट्रेट पहुंचे और सपा प्रत्याशी आदित्य यादव के नाम का पर्चा खरीदा। सपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि 15 अप्रैल को आदित्य यादव पर्चा भरेंगे। इनके साथ ही 13 पर्चे की खरीदारी पहले दिन की गई।