Holika Dahan: होलिका दहन आज, रात 11.14 से 12.14 बजे तक मुहूर्त, जानिए पूजा विधि
Holi 2024: होली रंगों और हर्षोल्लास का पर्व है। इस बार 25 मार्च को होली खेली जाएगी। 24 मार्च की रात शुभ मुहूर्त में होलिका दहन किया जाएगा।
विस्तार
होली भारतीय संस्कृति का एक प्रमुख त्योहार है, जो रंगों का उत्सव मनाने के लिए जाना जाता है। यह पावन त्योहार हिंदू पंचांग के फाल्गुन मास की पूर्णिमा को मनाया जाता है। इस त्योहार को भारत व अन्य कई देशों में धूमधाम से मनाया जाता है। इस बार यह त्योहार 25 मार्च को मनाया जाएगा और एक दिन पूर्व 24 मार्च को होलिका दहन होगा।
ज्योतिषाचार्य कृष्ण के.शर्मा के अनुसार 24 मार्च को होलिका दहन है। इस दिन सुबह 9 बजकर 56 मिनट से रात 11 बजकर 14 मिनट तक भद्रा रहेगी। इस कारण होलिका दहन का शुभ मुहूर्त भद्रा के बाद रात 11 बजकर 14 मिनट से मध्य रात्रि 12 बजकर 14 मिनट बजे तक रहेगा।
ये है पूजा विधि
पूजा की सभी सामग्री लेकर होलिका दहन के लिए जाएं। वहां सबसे पहले जल अर्पित करें और जल अर्पित करते समय सात परिक्रमा लगाएं। इसके साथ होलिका पर कच्चा सूत बांधें, फिर गाय के गोबर से बने उपले अर्पित करें। इसके बाद हल्दी, गुलाल और फूल अर्पित करें।
लड़कियां न देखें होलिका दहन
होली से जुड़े नियमों में यह बताया गया है कि नवविवाहित लड़कियों को होलिका दहन नहीं देखनी चाहिए। ऐसा करना अशुभ माना जाता है। इससे वैवाहिक जीवन में कई प्रकार की समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं। शास्त्रों में यह भी बताया गया है कि होलिका दहन की अग्नि को गर्भवती महिलाओं को नहीं देखना चाहिए। माना जाता है कि ऐसा करने से शिशु के स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।