दर्दनाक: ठेले से टकराने के बाद स्कूल बस की चपेट में आई स्कूटी, हाईस्कूल के छात्र की मौत, साथी घायल
बरेली में शुक्रवार की सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। राजेंद्र नगर में झूलेलाल द्वार के पास सड़क पर खड़े ठेले से टकराने के बाद स्कूटी सवार छात्रों को पीछे आई स्कूल बस ने रौंद दिया। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के पॉश इलाके राजेंद्र नगर में शुक्रवार को सड़क हादसे में हाईस्कूल के छात्र अंशू गुप्ता की मौत हो गई। जबकि उसका साथी संजय घायल हो गया। दोनों छात्र परीक्षा देने घर से निकले थे कि ठेले से टकराने के बाद उनकी स्कूटी स्कूल बस के नीचे आ गई।
शहर की मिथिलापुरी कॉलोनी निवासी मुकेश गुप्ता का 18 वर्षीय बेटा अंशू गुप्ता मनोहर भूषण इंटर कॉलेज में हाईस्कूल का छात्र था। संभल जिले के चंदौसी थाना क्षेत्र के कैथल निवासी संजय पुत्र ओमप्रकाश भी हाईस्कूल में यही पढ़ता था और अंशू के घर रह रहा था।
ठेले से टकराकर सड़क पर गिर गई थी स्कूटी
शुक्रवार को मुकेश गुप्ता की स्कूटी से दोनों छात्र परीक्षा देने जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डेलापीर पेट्रोल पंप के पास अंशू की बाइक अनियंत्रित होकर पहले सब्जी के ठेले में टकराई और फिर सड़क पर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आ रही एसआर इंटरनेशनल स्कूल की बस की चपेट में यह लोग आ गए।
बस के नीचे आने से अंशू गंभीर रूप से घायल हुआ, संजय को भी चोटें आईं। हादसे के बाद राहगीरों ने बस घेर ली। ड्राइवर बस से कूदकर फरार हो गया। लोगों ने पुलिस को सूचना देकर बुला लिया। हालांकि अंशू की मौत हो चुकी थी जबकि संजय को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।
सीसीटीवी में देखी घटना, नहीं था हेलमेट
घटना के बाद प्रेमनगर थाना पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे चेक किए। इसमें ठेले में भिड़ती बाइक और फिर घटना का होना साफ नजर आ रहा है। छात्रों पर हेलमेट भी नहीं थे। मुकेश गुप्ता जिला अस्पताल की मोचर्री पर आए तो बेटे का लहूलुहान शव देखकर फफक पड़े। अंशू तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मां राधा गुप्ता भी बदहवास हैं। अस्पताल में भर्ती संजय की हालत में सुधार है।
एसआर इंटरनेशनल की एमडी रूमा गोयल ने बताया कि बहुत ही दुखद घटना है। मैं खुद मौके पर गई और वहां सीसीटीवी कैमरे देखे तो देखा कि स्कूटी सवार बच्चे गलत साइड से निकलते हुए ओवरटेक कर रहे थे और सड़क पर खड़े सब्जी के ठेले से टकराकर सड़क पर गिरे और बस की चपेट में आ गए। दूसरी बात बस का हमारे स्कूल से कोई अनुबंध नहीं है, मगर फिर भी उस बस से बच्चे हमारे स्कूल के आते-जाते हैं तो मैंने मौके पर जाना जरूरी समझा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.