Bareilly News: खुद को भाजपा का नेता बताकर युवती से चार लाख रुपये हड़पे, पीड़ित ने एसएसपी दफ्तर में की शिकायत
आरोपी ने दुष्कर्म के मुकदमे से नाम निकलवाने के लिए युवती से चार लाख रुपये ले लिए। उसने खुद को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का नेता बताया था। न मुकदमा खत्म हुआ और न ही धाराएं कम हुईं तो युवती ने रुपये वापस मांगे। इस पर वह टालमटोल करने लगा।
विस्तार
बरेली के सीबीगंज क्षेत्र में रह रहे एक युवक ने खुद को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का नेता बताकर दुष्कर्म के मुकदमे से नाम निकलवाने के लिए युवती से चार लाख रुपये ले लिए। वह अपने दोस्तों को क्राइम इंस्पेक्टर बताकर युवती से बात कराता रहा। इस मामले में एसएसएपी कार्यालय में शिकायत की गई है।
भाजपा के वार्ड अध्यक्ष शारिक अब्बासी ने बताया कि युवती के भाई और उसके दोस्तों के खिलाफ कुछ दिन पहले बारादरी थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था। इसमें युवती को मददगार के तौर पर नामजद किया गया था। युवती ने उन्हें बताया कि उसकी मुलाकात एक युवक से हुई थी।
युवती ने दिए चार लाख रुपये
उसने खुद को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का नेता बताकर धाराएं कम कराने व मुकदमा खत्म कराने की बात कही थी। इसके बदले उसने चार लाख रुपये मांगे थे। युवती ने युवक व उसके प्रेमनगर निवासी साथी को चार लाख रुपये दे दिए। इस दौरान युवती ने वीडियो बना लिया।
कथित नेता ने युवती को भरोसा दिलाने के लिए एक व्यक्ति से फोन पर बात भी कराई। उसने खुद को इंस्पेक्टर क्राइम बताया। इस दौरान न मुकदमा खत्म हुआ और न ही धाराएं कम हुईं तो युवती ने इन लोगों से अपने रुपये मांगे। वह टालमटोल करने लगा।
आरोपी ने दी जान से मारने की धमकी
युवती के कहने पर जब शारिक ने कॉल कर रुपये देने को कहा तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। शारिक ने इस मामले में बारादरी थाना पुलिस से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार को शारिक ने इसकी शिकायत एसएसपी दफ्तर में की। मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
एसपी सिटी राहुल भाटी ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई को लेकर किसी तरह की रकम लेने या देने का मामला संज्ञान में नहीं आया है। अगर सबूत मिलते हैं तो संबंधित आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह ने कहा कि जिस नाम का व्यक्ति बताया जा रहा है, वह हमारे संगठन में केवल कार्यकर्ता है। वह किसी पद पर नहीं है। ऐसा व्यक्ति कोई गलत कृत्य करता है तो उससे पार्टी व संगठन का कोई लेना-देना नहीं है। पुलिस को मामले में कार्रवाई करनी चाहिए।