शादी छोड़कर थाने पहुंचा दूल्हा: पुलिस से बोला- लड़कीवालों ने पीटा, दुल्हन की मां ने लगाया ये आरोप
बदायूं के बिल्सी थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार की रात शादी समारोह में विवाद हो गया। इससे नाराज दूल्हा मंडप से उठकर सीधे थाने पहुंच गया। उसने दुल्हन पक्ष के लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया। बाद में दुल्हन की मां भी थाने पहुंच गईं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ग्राम फतेहनगला निवासी मंजू पुत्री सुरेश कुमार की बृहस्पतिवार रात शादी थी। उसकी बरात फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव सिसरका से आई थी। रात करीब 10 बजे बरात गांव में घूमती हुई दुल्हन के द्वार पर पहुंची। खूब आदर सत्कार हुआ। रात 12 बजे तक खाना पीना चलता रहा। तब तक सबकुछ ठीक रहा, लेकिन रात करीब एक बजे जैसे ही दूल्हा पक्ष के लोग डाला लेकर दुल्हन के घर पहुंचे कि दुल्हन के परिवार वाले कम आभूषण लाने पर भड़क गए।
उन्होंने दूल्हा रोहित पुत्र कलफ सिंह और उसके परिवार वालों को ताना देना शुरू किया तो दूल्हा नाराज हो गया और भांवरे पड़ने से पहले पंडाल से उठकर बिल्सी थाने पहुंच गया। उसने दुल्हन पक्ष के लोगों पर कम जेवर लाने पर ताने मारने का आरोप लगाया।
दुल्हन पक्ष के लोग भी पहुंचे
दूल्हा के थाने पहुंचने की सूचना पर दुल्हन मंजू की मां सोमवती और कई रिश्तेदार भी थाने पहुंच गए। उन्होंने रोहित और उसके परिवार वालों पर और दहेज मांगने का आरोप लगाया। इससे मामला और बिगड़ गया। थाना पुलिस ने दूल्हा पक्ष के लोगों पर कार्रवाई करने की बात कह दी, जिससे दोनों पक्ष डर गए और उनमें समझौते की बात शुरू हो गई।
सुबह करीब आठ बजे उनके बीच लिखित में समझौता हुआ। उसके बाद दूल्हा पंडाल में पहुंचा। फिर दोपहर बाद उसकी मंजू से शादी हुई। शाम करीब तीन बजे मंजू ससुराल के लिए विदा हुई। इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में मामूली बात को लेकर विवाद हो गया था। उनके बीच समझौता हो गया है और उनकी शादी भी हो गई।