Bareilly News: मेडिकल कॉलेज में घुसकर छात्र पर हमला, डंडे और हॉकी से पीटा, तीन युवकों के खिलाफ रिपोर्ट
बरेली के रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज में तीन युवकों ने एक छात्र को डंडे और हॉकी से पीटा। घटना होली की रात की है। पीड़ित छात्र अमरोहा का रहने वाला है। उसके पिता ने बृहस्पतिवार को मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के थाना बारादरी क्षेत्र स्थित रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज के छात्र पर होली की रात हमला किया गया। तीन लोगों ने लाठी-डंडे और हॉकी से उसे जमकर पीटा। अमरोहा से आए पीड़ित छात्र के पिता ने बृहस्पतिवार को बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अमरोहा की आवास विकास कॉलोनी निवासी आदर्श रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज में एमडी पाठ्यक्रम के छात्र हैं। वह आशीष रायल पार्क में रहते हैं। होली की रात करीब 11 बजे आदर्श अपने कमरे से किसी काम को कॉलेज परिसर जाने को निकला।
आरोपियों ने गाड़ी पर की थी पेशाब
आदर्श ने अपनी गाड़ी कॉलेज के बाहर खड़ी कर दी थी। यहां ग्रीन पार्क निवासी आयुष तनेजा, सुभाषनगर के किताब बाबू का हाता निवासी शुभम मल्होत्रा व इनके एक अन्य साथी मकान की तीसरी मंजिल पर खड़े थे। वहां से तीनों ने आदर्श की गाड़ी पर पेशाब कर दी। विरोध करने पर तीनों ने आदर्श को दौड़ा लिया।
आदर्श अपनी जान बचाने को मेडिकल कॉलेज में घुस गए तो ये लोग डंडो व हॉकी लेकर उनके पीछे दौड़ पड़े। उनकी जमकर पिटाई कर दी। कॉलेज परिसर में मौजूद लोगों ने आदर्श को बचाया। घायल आदर्श को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। आदर्श के पिता यशवीर ने बारादरी थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
होली खेल रहे युवक पर चढ़ा दी बाइक, विरोध पर पीटा
सुभाषनगर थाना क्षेत्र में होली खेल रहे युवक पर बाइक का पहिया चढ़ा दिया गया। युवक ने जब हरकत का विरोध किया तो उसकी पिटाई कर दी गई। तमंचे, धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया गया। सुभाषनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मढ़ीनाथ निवासी आकाश गुप्ता ने बताया कि वह होली वाले दिन मोहल्ले में रंग खेल रहे थे। यहां विनोद यादव, जितेंद्र भोपा, राहुल गोस्वामी, अक्षय, अन्नू, विवेक और आठ दस अज्ञात लोग आ गए। इन लोगों ने बुलेट बाइक का पहिया आकाश पर चढ़ा दिया। विरोध करने पर सभी लोगों ने तमंचे, लाठी डंडे और धारदार हथियार से हमला कर आकाश को घायल कर दिया। आकाश की शिकायत पर सुभाषनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।