घरवालों ने प्रेमी को मार डाला: पुलिस से बोली प्रेमिका- जल्दी थाने ले चलो... नहीं तो मुझे भी मार देंगे
Budaun News: अपनी प्रेमिका से मिलने आए दिल्ली के युवक की हत्या कर दी गई। उसका शव प्रेमिका के चाचा के घर से बरामद हुआ। प्रेमिका ने अपने घरवालों पर हत्या का आरोप लगाया है। वारदात के बाद से आरोपी फरार हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं के गुलड़िया क्षेत्र के एक गांव में तहेरे भाई की साली के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़े गए युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने युवती और उसकी मां से पूछताछ की। युवती ने भी अपनी जान का खतरा बताया है।
दिल्ली में हर्ष विहार थाना क्षेत्र के प्रतापनगर निवासी डालचंद (26 वर्ष) का अपने तहेरे भाई की साली के साथ पांच साल से प्रेम प्रसंग था। वह अक्सर डालचंद के पास दिल्ली चली जाती थी। इससे उसके परिजन नाराज थे। रविवार दोपहर डालचंद अपनी प्रेमिका से मिले आया और रात को उसके घर में ही रुका। सोमवार को वह प्रेमिका के चाचा के घर गया तो वह वहां भी पहुंच गई।
इसकी जानकारी मिलने पर उसके परिजन वहां पहुंचे। दोनों को आपत्तिजनक हालत में देखकर परिजनों का खून खौल उठा। उन्होंने धारदार हथियारों से डालचंद को काट डाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रेमिका और उसकी मां को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
ये लोग मुझे मार डालेंगे
प्रेमिका के चाचा के घर प्रेमी की खून से लथपथ लाश मिलने के बाद जब पुलिस ने युवती को हिरासत में लिया तो वह बोली- मुझे थाने ले चलो। नहीं तो ये लोग मुझे भी मार डालेंगे। उसने डालचंद की हत्या का आरोप अपने परिवार वालों पर लगाया है।
ग्रामीणों के मुताबिक, जब थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो उस दौरान युवती और उसकी मां घटनास्थल से अपने घर जा चुकी थीं। पुलिस ने मामले की जानकारी करने के बाद दोनों से पूछताछ की तो युवती ने अपने परिवार वालों पर गंभीर आरोप लगाए। पुलिस उसकी मां से भी पूछताछ कर रही है। बाकी परिवारवाले फरार हैं।
गांव में चर्चा- डालचंद ने कर ली थी युवती से शादी
गांव के लोगों का कहना है कि डालचंद ने युवती से शादी कर ली थी। वह अपनी मांग भी भरती थी, लेकिन उसके परिवार वाले यह बात किसी को बताना नहीं चाहते थे। वे लड़की को घर से भी नहीं निकलने देते थे। अगर वह कहीं जाती थी तो देर-सवेर ही घर से निकलती थी, ताकि गांव वालों के सामने उसके शादी कर लेने का भेद न खुल सके।
सीओ उझानी शक्ति सिंह के अनुसार युवक दिल्ली का रहने वाला था। उसके परिवार वालों को सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवती और उसकी मां से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की तलाश कराई जा रही है।
पांच साल से था प्रेम प्रसंग
तहेरे भाई की शादी के बाद से ही डालचंद का उसकी साली से प्रेम प्रसंग चल रहा था। तब से डालचंद का भी यहां आना-जाना था। जब भी वह गांव आता तो वह अपनी प्रेमिका के घर पर ही रुकता था। प्रेमिका के परिजन उसे पसंद नहीं करते थे। कई बार उन्होंने आपत्ति भी जताई। युवती भी अक्सर डालचंद से मिलने दिल्ली चली जाती थी। पुलिस इस मामले में डालचंद के परिजनों से भी पूछताछ करेगी।