UP: गर्भवती किशोरी की मौत के ढाई माह बाद पुलिस ने लिखी रिपोर्ट, कोख में किसका बच्चा था... DNA जांच से होगा तय
Bareilly News: गर्भवती किशोरी के ट्रेन से कटकर जान देने के ढाई महीने बाद एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने प्रेमी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। अब भ्रूण से लिए गए सैंपल के साथ ही आरोपी का भी डीएनए टेस्ट कराया जाएगा।
विस्तार
बरेली में गर्भवती किशोरी की ट्रेन से कटकर आत्महत्या के बाद अब उसके भ्रूण से लिया गया सैंपल डीएनए जांच को भेजा जाएगा। उसके प्रेमी पर रिपोर्ट हो चुकी है, अब उसका भी सैंपल निकलवाकर पुलिस जांच के लिए भेजेगी। आरोपी और भ्रूण का सैंपल मिलान हुआ तो उसे सजा का दिलाने का रास्ता साफ होगा।
थाना हाफिजगंज की सेंथल चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान ने रिपोर्ट कराई है कि उनकी 16 वर्षीय पोती को परिचित युवक खेमकरन ने फुसला लिया था। वह शादी का झांसा देकर उसे ले जाता था। उससे मर्जी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए, जिससे उनकी पोती गर्भवती हो गई। जब उनकी पोती ने खेमकरन को अपने गर्भवती होने की जानकारी दी और शादी को कहा तो उसने साफ मना कर दिया। उसने कहा कि यह बच्चा मेरा नहीं है, तू चाहे ट्रेन से कटकर मर जा। आरोप लगाया कि उकसाने पर उनकी पोती ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी।
ये भी पढ़ें- सवा साल में छह युवतियों की हत्या: बरेली के अलग-अलग क्षेत्रों में मिले थे शव, न पहचान हुई न हत्यारों का सुराग
पोस्टमॉर्टम करवाया तो पता चला कि वह छह माह की गर्भवती थी। किशोरी के दादा ने बताया कि वह ढाई महीने से हाफिजगंज थाने के चक्कर लगा रहे थे। पुलिस उनकी रिपोर्ट नहीं लिख रही थी। दादा ने एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत की तो उन्होंने रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया। सोमवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
भ्रूण का सैंपल पहले से सुरक्षित
एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि किशोरी के दादा ने जो दावा किया है, उसके मुताबिक अब जांच आगे बढ़ाई जाएगी। किशोरी के भ्रूण का सैंपल पुलिस ने पहले ही सुरक्षित करा दिया था, अब आरोपी युवक का ब्लड सैंपल लिया जाएगा। दोनों की डीएनए जांच कराई जाएगी। अगर सैंपल मैच हुआ तो आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में चार्जशीट लगाकर गिरफ्तारी की जाएगी।