Bareilly News: कांधरपुर की प्रधान समेत 11 लोगों पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट, यह है मामला
लाल फाटक निवासी अतुल शर्मा ने आरोप लगाया कि कॉलेज के शिक्षक राजेश शर्मा ने कूटरचित दस्तावेज बना लिए। इसके बाद उसने कॉलेज की जमीन को फसली भूमि बताकर विरासत दर्ज करा ली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में कॉलेज सोसाइटी की जमीन को फसली जमीन दर्शाकर विरासत दर्ज करवा ली गई। सोसाइटी के सचिव ने महिला ग्राम प्रधान समेत 11 लोगों के खिलाफ कैंट थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
लाल फाटक निवासी अतुल शर्मा ने बताया कि वह जनवरी 2023 से शांतिकुंज बालिका इंटर कॉलेज श्रद्धा एजुकेशनल सोसाइटी के सचिव हैं। सोसाइटी का गठन वर्ष 1999 में किया गया था। उपाध्यक्ष सोमवती शर्मा सोसाइटी का संचालन कर रही थीं। सोसाइटी की कांधरपुर गांव में 0.1260 हेक्टेयर जमीन है, इस पर शांतिकुंज बालिका हायर सेकेंड्री स्कूल संचालित है।
वर्ष 2020 में सोमवती की मृत्यु हो गई। इसके बाद कॉलेज के शिक्षक राजेश शर्मा ने कूटरचित दस्तावेज बना लिए। कांधरपुर की प्रधान ओमवती ने फर्जी प्रमाणपत्र जारी करवा दिया। फर्जी प्रमाणपत्र पर अलौकिक शर्मा, दीपक, जगमोहन सिंह और आकाश यादव ने साक्षी के तौर पर हस्ताक्षर किए। फर्जी दस्तावेज और प्रमाणपत्र के जरिये इन लोगों ने जनवरी 2024 में नायब तहसीलदार चौबारी से आदेश पारित करा लिया।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज की गई रिपोर्ट
राजेश शर्मा ने फर्जी दस्तावेज के जरिये वारिसान प्रमाणपत्र प्राप्त कर लिया। सोसाइटी को बिना सूचना दिए इन लोगों ने जमीन को खुर्द-बुर्द करने की कोशिश की। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर ये लोग कॉलेज के भवन को ध्वस्त करने की योजना बना रहे हैं। न्यायालय के आदेश पर कैंट थाने में राजेश शर्मा, इंदु शर्मा, राकेश शर्मा, महेंद्रपाल, राकेश सिंह, जगमोहन, ओमवती, अलौकिक, श्रीकांत, दीपक और आकाश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।