UP: बरेली में पुलिस की एटा और प्रतापगढ़ के बदमाशों से मुठभेड़, एक को गोली लगी, चार गिरफ्तार
बरेली के थाना कैंट क्षेत्र में शुक्रवार रात पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। गोली लगने से एक बदमाश घायल हुआ है।
विस्तार
स्थानीय शातिरों के दोस्त एटा और प्रतापगढ़ के बदमाश बरेली में चोरी के इरादे से घूमते पकड़े गए। शुक्रवार रात कैंट थाना पुलिस से मुठभेड़ में प्रतापगढ़ के बदमाश को पैर में गोली लगी। चार बदमाशों को जेल भेज दिया गया।
सीओ सिटी प्रथम पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि थाना कैंट के प्रभारी राजेश कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि चार संदिग्ध लोग दो बाइक से कठपुला पुल के पास से जाने वाले हैं। उनके पास असलहे भी हैं। सूचना पर पुलिस ने यहां वाहनों की चेकिंग शुरू की।
थोड़ी देर बाद मनपुरिया मार्ग से दो बाइक आती दिखाई दीं। पुलिस ने टार्च से रुकने का इशारा किया लेकिन बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
घरों की रेकी करने निकले थे बदमाश
सीओ ने बताया कि जिस बदमाश के पैर में गोली लगी उसका नाम आशीष है। वह प्रतापगढ़ जिले के कस्बा महेशगंज तहसील कुंडा का निवासी है। अन्य गिरफ्तार बदमाशों में एटा जिले के थाना नयागांव के गांव सराय अघत निवासी प्रियांशु, थाना नवाबगंज के गांव टाहप्यारी नवादा निवासी तालिब हुसैन और फरीदपुर के फरकपुर निवासी अनमोल शामिल थे। चारों के पास से तमंचे, कारतूस और दो मोटरसाइकिल बरामद हुईं।
सीओ के मुताबिक चारों बदमाशों का पुराना आपराधिक रिकार्ड है। आशीष और प्रियांशु आपस में दोस्त हैं और अनमोल इनका रिश्तेदार है। पूछताछ में पता लगा कि चारों यहां चोरी व नकबजनी के इरादे से आए थे और घरों की रेकी करने निकले थे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.