बरेली धमाका मामला: रात में घोषित हुआ इनाम, चंद घंटे बाद ही चार आरोपी गिरफ्तार; वाहिद की तलाश
बरेली में एसएसपी ने जिन आरोपियों की गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया, उनमें से चार आरोपियों को पुलिस ने चंदे घंटे बाद ही गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी अब भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के सिरौली थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में हुए धमाके के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इन पर एसएसपी ने शनिवार रात इनाम घोषित किया था। पकड़े गए आरोपियों के पास से एक बोरा पटाखे भी बरामद हुए हैं। 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी वाहिद अब भी फरार है।
दो अक्तूबर को गांव कल्याणपुर में रहमान शाह के घर में अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट की गूंज लखनऊ तक पहुंची थी। इसमें सात लोगों की मौत हो चुकी है। पांच मकान जमींदोज हो गए थे। सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर एसएसपी ने अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की थीं। दो आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके थे।
रात में घोषित हुआ इनाम, सुबह पकड़ लिए आरोपी
एसएसपी ने शनिवार रात पांच फरार आरोपियों वाहिद, नाजिम, हसनैन, अहमद मियां और मोहम्मद मियां पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। रविवार सुबह सिरौली पुलिस ने इनमें से नाजिम, हसनैन, अहमद मियां और मोहम्मद मियां को ख्वाजा ईंट भट्ठे के पास से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, एक दिन पहले गिरफ्तार किए गए रहमान शाह को भी इन चार आरोपियों के साथ जेल भेज दिया।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि मामले में नामजद ज्यादातर आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। सिर्फ वाहिद की गिरफ्तारी शेष है। उस पर भी 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। प्रकरण को लेकर एसपी सिटी को दो जांच सौंपी गई हैं। उनकी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।