पीलीभीत में बड़ा हादसा: तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से दंपती समेत पांच की मौत, मातम में बदलीं ईद की खुशियां
Road Accident In Pilibhit: पीलीभीत में ईद के दिन भीषण सड़क हादसा हो गया। बरेली-हरिद्वार हाईवे पर तेज रफ्तार डंपर ने दो बाइकों को चपेट में ले लिया, जिससे दंपती समेत पांच लोगों की मौत हो गई। दंपती ईद मिलने जा रहे थे। जबकि तीन युवक नमाज पढ़ने जा रहे थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीलीभीत के जहानाबाद क्षेत्र में बरेली-हरिद्वार हाईवे पर गांव निसरा के पास तेज रफ्तार डंपर ने दो बाइकों पर सवार पांच लोगों को कुचल दिया। दंपती समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी पर नाराज ग्रामीणों ने हंगामा किया।
बृहस्पतिवार सुबह 10:30 बजे हरिद्वार हाईवे पर सितारगंज की ओर से आ रहे डंपर ने दो बाइकों पर सवार पांच लोगों को कुचल दिया। इनमें ग्राम विलाई पसियापुर निवासी आकिब (21) पुत्र हसीन, ग्राम परेवा वैश्य निवासी साहिब (25) पुत्र शाहिद, ग्राम अडोली निवासी ओवैस (35) पुत्र ताहिर अली और उनकी पत्नी शाकिरा बेगम (30) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गांव परेवा वैश्य निवासी अरबाज (26) पुत्र अकील खान ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
लोगों ने हाईवे पर लगाया जाम
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। राहगीर और आसपास गांवों के लोग एकत्र हो गए। हंगामा करते हुए हाईवे पर जाम लगा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर की रफ्तार काफी तेज थी। बाइक सवारों को कुचलने के बाद उसी रफ्तार से चालक उसे ले गया। हादसे की सूचना पर थाना पुलिस और सीओ सदर पहुंचे। थोड़ी देर बाद डीएम संजय कुमार सिंह व एसपी अविनाश पांडेय भी घटनास्थल पहुंच गए।
ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान डंपर चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े ग्रामीणों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। आधा घंटा समझाने के बाद डीएम व एसपी के आश्वासन पर लोग माने और जाम खुल सका। बाद में डीएम-एसपी जिला अस्पताल भी पहुंचे। परिजनों को ढाढ़स बंधाया। डीएम ने सीएमओ को सभी शवों का तत्काल पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक ईद की नमाज पढ़ने तो दंपती ईद मिलने के लिए नवाबगंज जा रहे थे। सीओ सदर डॉ. विक्रम दहिया ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। डंपर की तलाश की जा रही है।
ईद की खुशियों पर ग्रहण, तीन गांवों में मातम
हादसे का पता चला तो जहानाबाद के विलाई पसियापुर, परेवा वैश्य और अडौली ग्रामों में ईद की खुशियां मातम में बदल गईं। गांवों में सन्नाटा पसर गया। लोग, घटनास्थल और बाद में मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जिला अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। बता दें कि आकिब ग्राम विलाई पसियापुर, साहिब और अरबाज परेवा वैश्य तो ओवैस और उनकी पत्नी शाकिरा बेगम ग्राम अडोली के रहने वाले थे।
एआरटीओ ने भी किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की जानकारी लगने के बाद एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना की वजह जानने के लिए जांच की।
एसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि घटना के बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई थी। नाराज लोगों को समझा दिया गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डंपर की तलाश की जा रही है। मामले की जांच कराई जाएगी।