बरेली में बवाल: प्लॉट पर कब्जे को लेकर गोलीबारी-आगजनी, इंस्पेक्टर-दरोगा समेत छह निलंबित, पिता-पुत्र गिरफ्तार
Bareilly News : बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में प्लॉट पर कब्जे को लेकर शनिवार की सुबह बवाल हो गया। बजरंग ढाबे के पास दो पक्षों के बीच जमकर फायरिंग हुई। दो जेसीबी में आग लगा दी गई। घटना से इलाके में दहशत फैल गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में प्लॉट पर कब्जे को लेकर बवाल हो गया। शनिवार को सुबह करीब छह बजे दबंगों ने पीलीभीत बाईपास पर अंधाधुंध फायरिंग की। दो बुलडोजरों को आग के हवाले कर दिया। एक घंटे तक सड़क पर बवाल होता रहा। इसमें 50 राउंड फायरिंग की गई। घटना के बाद आरोपी पक्ष फरार हो गया तो पुलिस ने कब्जेदार पक्ष के पिता-पुत्र को हथियारों समेत हिरासत में ले लिया। इस घटना के बाद एसएसपी ने इज्जतनगर थाना प्रभारी व दरोगा समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। फिलहाल, पुलिस की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
इज्जतनगर क्षेत्र में बजरंग ढाबा के पास गांव लालपुर निवासी आदित्य उपाध्याय की मार्बल की दुकान है। इज्जतनगर थाने के दरोगा राजीव प्रकाश की ओर से दर्ज कराई रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार सुबह छह बजे वह गश्ती टीम के साथ वहां से गुजरे। उस समय प्रॉपर्टी डीलर राजीव राणा व उसके पक्ष के 25 लोग जेसीबी से तोड़फोड़ कर कब्जा हटा रहे थे। तभी आदित्य उपाध्याय अपने बेटों के साथ दुकान पर पहुंचे और उनका विरोध करने लगे।
दो जेसीबी में लगाई आग
दोनों पक्ष एक-दूसरे से झगड़ा व मारपीट करने लगे। देखते ही देखते बवाल हो गया। आदित्य पक्ष ने राजीव गुट की ओर से लाई गईं दो जेसीबी पर तेल डालकर आग लगा दी। पुलिस ने बवाल रोकने की कोशिश की लेकिन सफल न हो सकी। थोड़ी देर में दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग शुरू हो गई। तब राजीव पक्ष के लोग भागने लगे। आदित्य पक्ष ने अपनी कार से उन्हें दौड़ाया। कार की टक्कर से राजीव गुट के संजय और रोहित घायल हो गए। उनके साथी उन्हें उठाकर ले गए।
दरोगा की सूचना पर इज्जतनगर थाना प्रभारी जयशंकर सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तो राजीव पक्ष के लोग फरार हो चुके थे। पुलिस ने आदित्य और उसके पुत्र अविरल उपाध्याय को उनकी बंदूक के साथ हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों की कारों को भी कब्जे में ले लिया। एसएसपी सहित अन्य अफसरों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। घटनास्थल पर फोर्स तैनात कर दी गई है।
दोनों गुटों पर गैंगस्टर और रासुका के तहत होगी कार्रवाई
जिस तरह से यह बवाल हुआ, उससे लगता है कि दोनों पक्षों में पुलिस का कोई खौफ नहीं था। फायरिंग करते हुए दबंगों के वीडियो वायरल हुए तो हर कोई कानून व्यवस्था और पुलिसिंग पर सवाल खड़े करने लगा।
एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने इंस्पेक्टर जयशंकर सिंह, दरोगा राजीव प्रकाश व बीट आरक्षी सन्नी कुमार, विनोद कुमार, राजकुमार व अजय तोमर को निलंबित कर दिया। उन्होंने बताया कि बताया कि घटना दुस्साहसिक है। इससे आम लोगों का जीवन भी खतरे में पड़ सकता था। आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर और रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.