Bareilly News: आंधी-बारिश से खंभे और लाइनें क्षतिग्रस्त, बिजली आपूर्ति ठप, सामान्य होने में लगेंगे दो दिन
बरेली में बृहस्पतिवार को भारी बारिश और तेज हवा के कारण बिजली के खंभे और लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली व्यवस्था सामान्य होने में दो दिन लगने की बात कही जा रही है।
विस्तार
बरेली में लगातार हो रही बारिश ने बिजली आपूर्ति का फ्यूज उड़ा दिया। बृहस्पतिवार को आंधी-बारिश के चलते जगह-जगह पेड़ गिरने से बिजली के खंभे, 11 और 33 केवी की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। कई इलाकों में 24 घंटे से ज्यादा समय से बिजली गुल है। बिजली व्यवस्था सामान्य होने में दो दिन लगने की बात कही जा रही है।
कई इलाकों में ठप रही आपूर्ति
बुधवार शाम चार बजे से शुरू हुई तेज हवा के साथ बारिश के बाद से ही लाइनों पर पेड़ गिरने और लोकल फॉल्ट का सिलसिला शुरू हो गया था। इस दौरान सिविल लाइंस इलाके में पूरी रात बिजली आपूर्ति ठप रही। बृहस्पतिवार को परसाखेड़ा में 33 केवी की लाइन में फॉल्ट होने से किला उपकेंद्र ठप हो गया। किला, शास्त्रीनगर, अशरफ खां छावनी, खान मार्केट, बाकरगंज आदि इलाकों में बृहस्पतिवार को आपूर्ति ठप रही।
शाम पांच बजे फॉल्ट होने के बाद सुभाषनगर के सर्वोदय नगर, बीडीए कॉलोनी, इंदिरा नगर, पटेल नगर इलाकों में देर रात तक आपूर्ति ठप रही। सीडीओ आवास के पास पेड़ गिरने से लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। मिशन कंपाउंड, पुलिस लाइन, सर्किट हाउस, गांधी उद्यान, कलक्ट्रेट रोड भी कटौती से प्रभावित हुए।
कंपनी गार्डन में पेड़ गिरने से 11 केवी के कई पोल टूट गए। हरुनगला के सनसिटी में 33 केवी की लाइन पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हो गई। मढ़ीनाथ, शाहदाना, मिशन कंपाउंड, दुर्गानगर उपकेंद्रों के इलाकों में भी दूसरे दिन लोकल फॉल्ट की झड़ी लगी रही।
मरम्मत कार्यों के बीच इन इलाकों में छह घंटे तक कटौती
मरम्मत और बिजली लाइनों के आसपास पेड़ों की छंटाई के दौरान भी शहर के कई इलाकों में बृहस्पतिवार को आपूर्ति छह घंटे तक बाधित रही। चौपुला और किला फीडर, पुलिस लाइन, सर्किट हाउस, सिविल लाइंस इलाकों में पेड़ों की छंटाई के दौरान सुबह 11 से शाम चार बजे तक आपूर्ति बाधित रही। शाहदाना, मठ की चौकी, शास्त्रीनगर, गंगापुर, हजियापुर में केबल डालने के दौरान सुबह 10 से शाम चार बजे तक आपूर्ति बाधित रही। बिहारीपुर, मलूकपुर, चौपुला, जीजीआईसी, बीएसएनएल ऑफिस इलाकों में छह घंटे तक कटौती की गई।
रास्ता बंद, अफसरों ने कहा नगर निगम का काम
गांधी उद्यान के पास स्थित विद्युत वितरण खंड प्रथम के कार्यालय में बृहस्पतिवार को बारिश के बीच दो पेड़ गिर गए। इससे रास्ता बंद हो गया। आसपास के लोगों ने विद्युत निगम के अधिकारियों को इस संबंध में बताया, लेकिन उन्होंने वन विभाग और नगर निगम की जिम्मेदारी होने की बात कह दी। जो पेड़ गिरे वह विद्युत निगम के परिसर में थे, लेकिन रास्ता नगर निगम के तहत आता है। देर शाम तक पेड़ न हटाए जाने के कारण आवागमन बाधित रहने से लोगों को समस्या हुई। संवाद
अधीक्षण अभियंता अंबा प्रसाद वशिष्ठ ने बताया कि लगातार बारिश के बीच फॉल्ट ठीक करने के दौरान सुरक्षा का भी ध्यान रखा जा रहा है। ऐसे में फॉल्ट ठीक करने में कुछ समय लग रहा है। कई स्थानों पर 11 और 33 केवी लाइन भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। आपूर्ति पूरी तरह सामान्य करने के लिए सभी अभियंताओं को निर्देशित किया गया है।