Diwali 2024: बरेली में दीपोत्सव पर कड़े सुरक्षा प्रबंध, संवेदनशील इलाकों में मोबाइल टीमें रहेंगी सक्रिय
Bareilly News: बरेली में दीपोत्सव के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर रहेगी। शहर के प्रमुख स्थानों पर इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से निगरानी की जाएगी। रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
विस्तार
बरेली में दीपोत्सव के मद्देनजर शहर समेत जिले में कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की मोबाइल टीमें तैनात रहेंगी। शहर के प्रमुख स्थानों पर इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) के जरिये नजर रखी जाएगी। यह व्यवस्था तीन नवंबर भैयादूज की रात 10 बजे तक लागू रहेगी।
शहर के संवेदनशील इलाकों में क्यूआरटी के साथ अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। इन इलाकों में पुलिस पिकेट 24 घंटे गश्त करेगी। आतिशबाजी के मद्देनजर अग्निशमन विभाग की टीमों को भी तैनात किया गया है। पटाखा की दुकानों और गोदामों की भी निरंतर चेकिंग की जाएगी। कुतुबखाना से आलमगिरीगंज व बड़ा बाजार, सिविल लाइंस, गली आर्य समाज, श्यामगंज, कोहाड़ापीर आदि बाजारों में पुलिस स्टाफ भ्रमणशील रहेगा।
रेलवे स्टेशन व बस अड्डे पर कड़ी निगरानी
नॉवल्टी चौराहा, चौकी बिहारीपुर, साहू गोपीनाथ व किला रेलवे क्रॉसिंग पर एक-एक सब इंस्पेक्टर के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई है। रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर भी विशेष सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं। परिवहन की सुगम व्यवस्था के लिए शहर में डायवर्जन लागू किया गया है।
इनके जिम्मे रहेगी सुरक्षा व्यवस्था
राजपत्रित अधिकारी-15, थाना प्रभारी-29, यातायात पुलिस-120, निरीक्षक-32, उपनिरीक्षक-198, मुख्य आरक्षी/आरक्षी-646, महिला आरक्षी-152, फायर सर्विस-संस्थान सहितः- 95, कुल क्यूआरटी-175, थानों पर क्यूआरटी-160, पुलिस लाईन में क्यूआरटी-10, पुलिस कार्यालय पर क्यूआरटी-05, क्यूआरटी में 175 उपनिरीक्षक, 350 मुख्य आरक्षी/आरक्षी व 182 महिला आरक्षी रहेंगी।