सोना 80 हजार के पार: कहीं महंगा न पड़ जाए इंतजार... ग्राहक अभी से ही बुक करा रहे गहने
धनतेरस और दिवाली से पहले सोने की चमक लगातार बढ़ रही है। बरेली में प्रति 10 ग्राम सोना 80 हजार रुपये के पार पहुंच गया है। ऐसे में त्योहारों से पहले ही ग्राहकों ने गहने बुक कराने शुरू कर दिए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
त्योहारी सीजन में सोने की अस्थिर कीमत खरीदारों को परेशान कर रही है। एक सप्ताह में प्रति दस ग्राम सोने की कीमत में दो हजार रुपये तक का उछाल आया है। इस दौरान चांदी भी पांच हजार रुपये प्रति किलो तक महंगी हुई है।
धनतेरस, दीपावली में अभी सप्ताहभर का समय है। ऐसे में इंतजार कहीं भारी न पड़ जाए, यह सोचकर ग्राहक अभी से बाजार में पहुंचकर गहनों की बुकिंग करा रहे हैं। धनतेरस और दीपावली पर शुभ मुहूर्त में उसकी डिलीवरी लेंगे।
पश्चिमी एशिया में बढ़ते तनाव, शेयर बाजार में गिरावट की वजह से सुरक्षित निवेश का जरिया माने जाने वाले सोने की मांग बढ़ गई है। सराफा कारोबारियों के मुताबिक दो माह पूर्व सोने और चांदी के भाव में उछाल का दौर शुरू हुआ था, जो अब भी जारी है। 22 अगस्त को प्रति दस ग्राम सोने का भाव 73,200 रुपये और चांदी प्रति किलो 86,400 रुपये थी।
गुरु पुष्य नक्षत्र 2024: धनतेरस से पहले बन रहा महायोग, इस दिन खरीदारी करना विशेष फलदायी; जानिए शुभ मुहूर्त
15 अक्तूबर को सोने का भाव 78,000 रुपये रहा, चांदी 91,600 रुपये प्रति किलो बिकी। कीमतों में बढ़त लगातार जारी है। आगे भी कीमतों में बढ़त की संभावना बनी हुई है। इसे देखते हुए धनतेरस-दीपावली के लिए गहनों की बुकिंग का दौर जारी है।
तिथि सोना (प्रति दस ग्राम) चांदी (प्रति किलो)
22 अक्तूतबर 80,400 97,500
21 अक्तूबर 80,400 99,000
20 अक्तूबर 79,900 96,700
19 अक्तूबर 79,700 96,200
18 अक्तूबर 79,500 93,400
17 अक्तूबर 78,900 93,400
16 अक्तूबर 78,400 92,500
नोट: सोने, चांदी का भाव रुपये में, बरेली सराफा एसो. के मुताबिक।
जिस दाम पर करा रहे बुकिंग, उसी पर डिलीवरी
डीडीपुरम के सराफा कारोबारी उदित गोयल के मुताबिक उनके पास सौ से ज्यादा बुकिंग हो चुकी है। जिस तिथि को बुकिंग हुई है, उसी दिन के भाव पर ग्राहकों को गहने उपलब्ध कराए जाएंगे। अगर तब तक भाव कम हो गए तो संबंधित ग्राहक को कम हुई दर पर गहने उपलब्ध कराए जाएंगे।
सभी दुकानों पर हो रही बुकिंग
बरेली सराफा एसोसिएशन के महामंत्री दिनेश अग्रवाल के मुताबिक शहर में करीब 270 सराफा दुकानें हैं। बढ़ती कीमतों के चलते क्षमतानुसार लोग सोने के गहनों की बुकिंग करा रहे हैं। प्रमुख सराफा कारोबारियों समेत छोटे व्यापारियों के यहां पहुंचकर लोग धनतेरस के लिए अभी से ही बुकिंग करा रहे हैं।
सिविल लाइंस के सराफा कारोबारी सुरेंद्र रस्तोगी ने बताया कि बढ़ती कीमतों के बीच गहनों की पहले बुकिंग कराकर मनचाही तिथि पर उनकी डिलीवरी लेना निवेश का बेहतर जरिया है। जिन्हें इसकी जानकारी होती है वे इसका लाभ लेते हैं।
सराफा कारोबारी उज्जवल अग्रवाल ने बताया कि धनतेरस तक सोने का भाव स्थिर रहेगा, इस पर असमंजस है। लिहाजा, लोग धनतेरस पर डिलीवरी के लिए बुकिंग करा रहे हैं। जिले में सबसे कम मेकिंग चार्ज हमारा ही है।