{"_id":"579127664f1c1b3859c4b702","slug":"ration-shop-was-being-sold-poor","type":"story","status":"publish","title_hn":"दुकान पर बेचा जा रहा था गरीबों का राशन","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
दुकान पर बेचा जा रहा था गरीबों का राशन
ब्यूरो, अमर उजाला बरेली
Updated Fri, 22 Jul 2016 01:20 AM IST
विज्ञापन
फतेहगंज पश्चिमी। केशोपुर के ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को सरकारी राशन की कालाबाजारी पकड़ ली। गेहूं और चावल के दस कट्टे बाइक से दुकानदार के पास पहुंचा दिए गए थे। वहां से उन्हें दूसरी बोरी में भरा जा रहा था। पुलिस राशन को थाने ले आई। कोटेदार और दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। दुकानदार और कोटेदार के बेटों को हिरासत में लिया गया। केशौपुर गांव में शाकिर खां का राशन कोटा 35 साल से भी पुराना बताया जा रहा है। गांव वालों का आरोप है कि कोटेदार शाकिर ने बाइक पर सरकारी गेहूं-चावल के दस कट्टे पड़ोस के गांव धन्तिया में असलम की दुकान में भिजवाए। इसमें नौ कट्टा गेहूं और एक कट्टा चावल शामिल था। बृहस्पतिवार सुबह लगभग साढ़े दस बजे केशौपुर के 100 से ज्यादा लोग दुकान पर आ धमके और दबाव बनाकर सरकारी कट्टों से प्राइवेट बोरों में राशन पलटने के काम को रुकवा दिया। शिकायत पर एसओ अशोक कुमार यादव, एसआई गौरव त्यागी और थाने की पुलिस फोर्स धन्तिया पहुंची और किराए के टेंपो में सारा माल भरवाकर थाने पहुंचवा दिया। हालांकि कोटेदार पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा और फरार हो गया। मामला तहसील सदर के गांव का है, लिहाजा देर शाम एसडीएम सदर, पूर्ति निरीक्षक रामेश्वर दयाल और नायब तहसीलदार सत्यप्रकाश भी पहुंच गए। देर शाम रिपोर्ट लिखी गई।
विज्ञापन