गले में रस्सी कसकर मारा, फिर जला दिया
महेशपुरा गांव केशमीम अंसारी की सूचना पर बुधवार सुबह इंस्पेक्टर सीबीगंज देंवेंद्र सिंह फोर्स के साथ हाइवे किनारे सपा नेता के ईंट भट्ठे के सामने पहुंचे जहां हाजी मोहम्मद उमर की वर्कशाप के पीछे 35 वर्षीय युवक की लाश जली हुई पड़ी हुई थी। लाश देखकर यहां भीड़ इकट्ठी हो गई थी। युवक के गले और हाथों में बंधी हुई रस्सी भी जल गई थी। ये रस्सी सूत की थी जिसका इस्तेमाल कारचोबी अड्डों पर किया जाता है। पुलिस ने सूचना देकर फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम को भी बुला लिया। किला के एसएसआई रविंद्र कुमार सक्सेना भी पहुंच गए। पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने की कोशिश की लेकिन कोई शिनाख्त नहीं कर पाया। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स का मानना है कि युवक की हत्या कहीं और करने के बाद शव को यहां लाकर जलाया गया है। एसपी सिटी राजीव मल्होत्रा ने बताया कि आसपास के थानों को सूचना देकर युवक की शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है। लग रहा है कि हत्यारों ने पहचान मिटाने के लिए ही शव को जलाया है। किला और सीबीगंज दोनों की थानों की पुलिस को घटना का खुलासा करने में लगा दिया गया है। उन्होंने बताया कि अमूमन इस तरह की हत्याएं गुस्से में बदला लेने के लिए होती हैं। अवैध संबंध में हत्या करने वाले भी ऐसी ही क्रूरता दिखाते हैं। उधर, शाम को 22 दिन से गायब फतेहगंज पश्चिमी के एक युवक के परिवार के लोग लाश देखने पहुंचे लेकिन तब तक उसे सील किया जा चुका था। अब बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम हाउस पर उन्हें शव दिखाया जाएगा।
क्राइम सीन
काफी बेरहमी से ली गई जान
भूसे के ढेर या खेत में की गई है हत्या
क्राइम सीन युवक की हत्या किसी भूसा भरे कमरे या खेत में किए जाने की ओर इशारा कर रहा है। युवक का शरीर इतना बुरा जला हुआ था कि उसका चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था। पैरों में लगी मिट्टी भी जलकर चिपट गई थी। हरे रंग की शर्ट और लाल रंग की स्पोर्ट्स वाली बनियान के जले हुए कुछ टुकड़े उसके शरीर पर चिपके मिले। इसके अलावा काले रंग की पैंट के कुछ टुकड़े शरीर पर चिपके थे। उसके बाजू और सिर में भूसा भरा हुआ था। ऐसा लग रहा था कि उसकी हत्या किसी खेत में भूसे के पास या किसी ऐसे घर में हुई है जहां भूसा रखा हुआ था। युवक की बगल में ऐसा निशान भी पाया गया जैसे ब्लेड के काटा गया हो। घटना स्थल पर आसपास का कूड़ा और पुराने कपड़े डालकर युवक को जलाया गया था। गले से आसपास भी चोट के निशान मिले हैं और उसके दाहिने हाथ में ताबीज बंधा हुआ था। युवक के शरीर पर उसे घसीटने के निशान भी मिले हैं। इससे यह लग रहा है कि सड़क पर वाहन खड़ा करने के बाद उसकी लाश को घसीटकर जलाने के लिए ले जाया गया था।
सीमा विवाद में उलझी पुलिस
युवक की जली हुई लाश की पहचान कराकर उसके हत्यारों को पकड़ने के बजाए किला और सीबीगंज पुलिस करीब दो घंटे तक सीमा विवाद में उलझी रही। वर्कशाप के पास जिस खेत में जली हुई लाश मिली है वह सीबीगंज थाने के बिधौलिया गांव के इजराइल का है। इसीलिए किला पुलिस का तर्क था कि लाश सीबीगंज क्षेत्र में पड़ी है जबकि सीबीगंज के महेशपुरा गांव के शमीम अंसारी ने लिखकर दिया है कि लाश खेत की मेड़ पर मरघट जाने वाले रास्ते पर पड़ी थी। यह इलाका किला में पड़ता है। दोनों थानों के प्रभारी निरीक्षकों ने आला अफसरों से बात की तो तय हुआ कि सीबीगंज पुलिस ही पंचनामा करके शव पोस्टमार्टम को भिजवाएगी।
तो तय कर ली थी जलाने की जगह
हत्यारों ने पहले ही जलाने की जगह तय कर ली थी। उन्होंने जिस स्थान पर युवक की लाश को जलाया है। वह वर्कशाप खंडहरनुमा कोठी है। सीबीगंज और मिनी बाईपास के बीच यह जगह अक्सर सुनसान रहती है। हत्यारे सड़क पर गाड़ी खड़ी करने के बाद वर्कशाप के पीछे लाश को जला गए। आसपास के लोगों ने रात को आग लगते हुए देखी तो थी लेकिन चूंकि वर्कशाप आबादी से काफी दूरी पर है इसलिए किसी ने घर से निकलने की जहमत नहीं उठाई।
बृहस्पतिवार को युवक के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद ही पता लग पाएगा कि उसे किस तरह मारा गया है। यह भी हो सकता है कि उसे लटकाकर मार दिया हो। पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हत्या की रिपोर्ट दर्ज करके किला थाने को भेज दी जाएगी। घटना स्थल किला का ही था, हमने तो अधिकारियों के कहने पर शव का पंचनामा भरवाकर भिजवा दिया है। -देवेंद्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक, सीबीगंज