पूरनपुर (पीलीभीत)। दिल्ली में सड़क हादसे में मारे गए युवक का शव तिरंगा में लपेटने पर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने इस मामले में मृतक की मां और भाई को नामजद कर राष्ट्र गौरव अपमान निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गांव बारीबुझिया निवासी बलजिंदर सिंह (32) पुत्र भजन सिंह किसान आंदोलन में शामिल होने के लिए 23 जनवरी को गाजीपुर बार्डर गया था। 25 जनवरी को आंदोलन स्थल से करीब डेढ़ किमी दूर बलजिंदर सिंह को एक ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई थी। वहां कई दिन बाद उसकी शिनाख्त हुई थी। उन्हें इसकी सूचना पुलिस से दो फरवरी को दी थी। इसके बाद दिल्ली गए परिजन बलजिंदर का शव अपने साथ घर ले आए। गांव में तीन फरवरी को बलजिंदर का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें युवक के शव को तिरंगे में लिपटा दिखाया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया। पुलिस अधिकारियों ने वीडियो का संज्ञान लेने के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए। इस पर एसओ सेहरामऊ उत्तरी आशुतोष रघुवंशी की ओर से मृतक के भाई गुरविंदर सिंह, मां जसवीर कौर और एक अज्ञात पर एफआईआर दर्ज की गई है।
दिल्ली में हुए सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई थी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में युवक का शव तिरंगे में लपेटा हुआ दिख रहा है। यह तिरंगे का अपमान है। इसका संज्ञान लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इस मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
- जयप्रकाश, एसपी