छेड़खानी के विरोध पर शोहदे ने जलती लकड़ी से छात्रा पर किया हमला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिस थाना बारादरी में बैठकर प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा ने महिला अपराध को लेकर तमाम नसीहतें दी थीं, वहीं का एंटी रोमियो स्क्वाड ठंड मना रहा है। इससे शोहदों के हौसले बुलंद हैं और मंगलवार को छेड़खानी के विरोध पर एक शोहदे ने छात्रा पर जलती लकड़ी से हमला कर दिया। छात्रा के साथ मौजूद मां ने बमुश्किल उसे बचाया और बेटी को लेकर थाने पहुंचीं तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र निवासी एक छात्रा स्टेडियम रोड स्थित स्कूल में कक्षा 11 में पढ़ती है।
कई दिनों से सुमित चौधरी नाम का शोहदा उसे रास्ते में घेरकर परेशान कर रहा था। सोमवार को छात्रा ने अपने घर वालों से शिकायत की। इस पर मंगलवार को कॉलेज की छुट्टी के समय दोपहर करीब 12:30 बजे मां उसे लेने पहुंचीं। जैसे ही छात्रा कॉलेज से निकलकर स्टेडियम रोड पर पहुंची, तीन-चार दोस्तों के साथ पहले से मौजूद सुमित चौधरी ने उसे घेरकर फब्तियां कसनी शुरू कर दी। यह हरकत देखकर छात्रा की मां ने सुमित का कॉलर पकड़ लिया। इससे बौखलाए सुमित ने अलाव में जल रही लकड़ी उठाकर छात्रा पर हमला कर दिया। छात्रा के गिरने के बाद भी सुमित ने उसे पीटा और फरार हो गया। घटना के बाद थाना बारादरी पहुंची मां-बेटी ने सुमित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
12 दिन में ही मंत्री का सबक भूली पुलिस
जिले के प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा ने चार दिसंबर को थाना बारादरी में औचक निरीक्षण कर महिला अपराध रोकने के लिए पुलिस को पाठ पढ़ाया था। एंटी रोमियो स्क्वाड सक्रिय करने के साथ ही उन्होंने इनकी संख्या बढ़ाने और कॉलेजों, बाजार में तैनात करने के निर्देश दिए थे। मंत्री के सामने अफसरों ने भी हामी भर दी थी, मगर 12 दिन में ही पुलिस प्रभारी मंत्री का सबक भूल गई। दो दिन से सर्दी बढ़ी तो एंटी रोमियो स्क्वाड सड़क से बिल्कुल ही नदारद हो गए।
‘बारादरी का एंटी रोमियो स्क्वाड कॉलेज की छुट्टी के समय एक्टिव रहता है। घटना के वक्त स्क्वाड कहां था, बारादरी इंस्पेक्टर से पूछताछ की जाएगी।’
- रविंद्र कुमार, एसपी सिटी