Shahjahanpur News: बाइक से टकराकर पलटी ईको, ड्यूटी से लौट रहे सिपाही की मौत, सात लोग घायल
शाहजहांपुर के निगोही क्षेत्र में मंगलवार शाम को इको कार की टक्कर से सिपाही की मौत हो गई। टक्कर के बाद कार भी पलट गई थी। इससे सात अन्य लोग भी घायल हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र के हसौआ गांव में पुलिया के पास एक बाइक में इको कार से टक्कर लग गई। इसके बाद अनियंत्रित हुई कार भी पलट गई। हादसे में कलान थाने में तैनात मेरठ निवासी सिपाही अभिषेक कुमार (29) की मौत हो गई। जबकि, साथी अमित वर्मा समेत सात लोग घायल हो गए। दोनों लोग पीलीभीत में उर्स में लगी ड्यूटी के बाद लौट रहे थे। सूचना पर एसपी राजेश एस. समेत अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
मेरठ के थाना दादरी के दरौला निवासी अभिषेक कुमार वर्ष 2018 बैच में सिपाही पद पर भर्ती हुए थे। वर्ष 2023 में सदर थाने से कलान में तबादला किया गया था। उनकी ड्यूटी पीलीभीत जिले में उर्स के मेले में लगी थी। मंगलवार को वह पीलीभीत पुलिस लाइन में तैनात सिपाही अमित वर्मा के साथ बाइक से शाहजहांपुर लौट रहे थे। शाम करीब चार बजे निगोही में राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम हसौआ की पुलिया के पास सामने से आ रही इको कार से बाइक में टक्कर लग गई।
ये लोग हुए घायल
इसके बाद कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दोनों सिपाही, कार चालक राजेश, उसमें सवार मोबिन, उनकी पत्नी रीनू बानो, भतीजी चार वर्षीय आशा, छह साल की आफिया, सास शकीला बानो घायल हो गए। सूचना पर निगोही के इंस्पेक्टर अरविंद सिंह चौहान ने घायलों को अस्पताल भिजवाया।
हालत गंभीर होने पर सिपाहियों को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां डॉक्टर ने अभिषेक को मृत घोषित कर दिया। जबकि अमित के पैर में काफी चोट आई। वह पड़ोसी जनपद हरदोई का रहने वाला है। हादसे की सूचना पर एसपी राजेश एस. समेत एसपी सिटी संजय कुमार, एसपी देहात मनोज अवस्थी, सीओ सिटी सौम्या पांडेय, सीओ सदर प्रयांक जैन अस्पताल पहुंच गए। अधिकारियों ने घायल का हालचाल लेते हुए उपचार की व्यवस्था कराई।
वर्ष 2018 में पुलिस में भर्ती हुए थे अभिषेक
कलान। सिपाही अभिषेक का परिवार खेती-किसानी से जुड़ा हुआ है। पढ़ाई करने के बाद अिभषेक वर्ष 2018 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। वह अविवाहित थे। हादसे की सूचना के बाद थाना प्रभारी प्रभाष चंद्र भी अस्पताल पहुंचे।
निगोही कस्बे के रहने वाले मोबिन की पत्नी रीनू ने शहर के निजी अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। मंगलवार को मोबिन किराये पर कार करने के बाद परिवार के सदस्यों लेकर आ रहे थे। रास्ते में हादसा हो गया। घायल होने पर मोबिन ने अपने परिवार के सदस्यों को कस्बे के निजी अस्पताल में दिखाया।
एसपी देहात मनोज अवस्थी ने बताया कि इको कार व बाइक की टक्कर से दो सिपाही समेत अन्य लोग घायल हो गए थे। हादसे में कलान थाने के सिपाही की मौत हो गई। उसके परिजन को सूचना भेजी गई।