Weather Update: बरेली में कोहरा छंटा तो शीतलहर ने बढ़ाई ठिठुरन, दो दिन ऑरेंज अलर्ट
Bareilly Weather News: बरेली में शीतलहर चलने से गलन और ठिठुरन बढ़ गई है। सोमवार को हल्की धूप खिली, लेकिन बादलों की आवाजाही और शीतलहर के कारण लोगों को राहत नहीं मिली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में कोहरा का प्रकोप कम होने के बाद शीतलहर ने ठिठुरन बढ़ा दी है। सोमवार को सुबह हल्की धूप खिली, लेकिन 11 बजे के बाद बादलों से सूरज की लुकाछिपी शुरू हो गई। शीतलहर चलने से गलन और ठिठुरन बरकरार है। रविवार को न्यूनतम पारा 3.3 डिग्री लुढ़ककर पांच डिग्री पहुंच गया था। यह सीजन की सबसे सर्द रात रही। सोमवार को न्यूनतम तापमान में थोड़ा इजाफा हुआ। न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले दो दिन के लिए शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद पहाड़ों पर बर्फबारी जारी है। लिहाजा, पहाड़ों से सटे मैदानी इलाकों में प्रवेश कर रही बर्फीली और शुष्क हवा (उत्तरी-पश्चिमी) के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में 3.3 डिग्री गिरावट हुई है। इससे लोगों को कड़ाके की ठंड के साथ गलन का सामना करना पड़ा।
आगामी 48 घंटे तक तापमान में क्रमिक गिरावट के आसार हैं। इसके बाद तापमान में स्थिरता से राहत की उम्मीद है। अतुल ने बताया कि दोपहर में 15-20 किमी प्रतिघंटा की गति से हवा चलने और आसमान साफ नहीं होने से दिन में भी कहीं-कहीं शीत दिवस की स्थिति बनी रही। अगले कुछ दिनों तक तेज हवा के कारण तापमान सामान्य से कम रहने का अनुमान है।
तिथि अधिकतम न्यूनतम
27 दिसंबर 14.2 9.2
28 दिसंबर 14.0 10.2
29 दिसंबर 15.6 10.1
30 दिसंबर 14.3 10.3
31 दिसंबर 16.2 6.5
01 जनवरी 16.6 5.5
02 जनवरी 13.3 8.2
03 जनवरी 14.1 8.2
(नोट: तापमान डिग्री सेल्सियस में)
दिसंबर में सामान्य से तीन डिग्री कम रहा दिन का पारा
मौसम विभाग के अनुसार, इस वर्ष दिसंबर में दिन का पारा सामान्य तापमान 18 डिग्री से तीन डिग्री कम दर्ज हुआ। जबकि रात का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास ही रहा। करीब 12 वर्ष बाद दिसंबर में दिन में ठंड अधिक रही। शीत दिवस की संख्या भी 22 दर्ज की गई जो औसत 16 दिन से छह दिन अधिक है। जनवरी और फरवरी में भी दिन का तापमान सामान्य से कम रहने का अनुमान है।