Bareilly: रोड शो के साथ नाथ कॉरिडोर के मार्गों का शिलान्यास कर सकते हैं सीएम योगी, तैयारी में जुटे अफसर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसी महीने बरेली का दौरा कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि वह नाथ कॉरिडोर के मार्गों के चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास करेंगे। इसे लेकर अफसर तैयारी में जुट गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में नाथ कॉरिडोर के मार्गों के चौड़ीकरण कार्य का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसी महीने रोड शो के साथ शिलान्यास कर सकते हैं। इस दौरान शिवमय हो चुके चौराहों का लोकार्पण भी होगा। इसका अभी कोई अधिकृत कार्यक्रम नहीं आया है लेकिन शासन से संकेत मिलने के बाद नगर निगम, बीडीए और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तैयारी में जुट गए हैं।
नाथ कॉरिडोर के अंतर्गत डेलापीर चौराहे से डीडीपुरम होते हुए धर्मकांटा चौराहे से त्रिवटीनाथ मंदिर तक के मार्ग के चौड़ीकरण के लिए जरूरी निर्माण शुरू हो गया है। अब तक जो तैयारी की जा रही है, उसके मुताबिक इसी रूट पर मुख्यमंत्री रोड शो कर सकते हैं।
अफसरों ने किया निरीक्षण
बीडीए सचिव योगेंद्र कुमार, अपर नगर आयुक्त सुनील कुमार यादव ने अधिकारियों की टीम के साथ बृहस्पतिवार को मार्ग का निरीक्षण किया। इसके साथ ही कॉरिडोर के सभी मार्गों के अतिक्रमण को चिह्नित कर हटाने के निर्देश दिए। साथ ही मार्गों के सौंदर्यीकरण कार्य को पूरा करने की तैयारी की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान बीडीए, नगर निगम, स्मार्ट सिटी, पीडब्ल्यूडी, बिजली, वन, जलकल, जल निगम आदि विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बीडीए के सचिव योगेंद्र कुमार ने बताया कि अधिकारियों ने कॉरिडोर के मार्गों को सजाने संवारने और अतिक्रमण हटाने के लिए निरीक्षण किया गया है। प्रस्तावित कार्य तेजी से पूरे कराए जाएंगे।
स्मार्ट सिटी की परियोजनाओं का लोकार्पण कराने की तैयारी
लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पहले स्मार्ट सिटी की परियोजनाओं का लोकार्पण कराने की तैयारी शुरू हो गई है। स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारियों ने नगर विकास विभाग को उन परियोजनाओं का ब्योरा भेजा है जो पूरी हो चुकी हैं या अंतिम दौर में हैं।
इनमें कुतुबखाना पुल, अयूब खां चौराहे (पटेल चौक) पर स्काईवॉक, अर्बन हाट आदि परियोजनाएं शामिल हैं। इनका लोकार्पण प्रधानमंत्री से ऑनलाइन या फिर मुख्यमंत्री से कराने की योजना है। स्मार्ट सिटी की सीईओ निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि सभी प्रोजेक्ट तैयार हैं। फिनिशिंग का काम चल रहा है। मौजूदा स्थिति से शासन को अवगत कराया है।