Bareilly News: स्कूल न जाने पर मां ने डांटा तो कक्षा छह के छात्र ने कर ली आत्महत्या, छत पर मिला शव
बरेली में 14 साल के किशोर ने फंदा लगाकर जान दे दी। सोमवार की सुबह उसका शव छत पर फंदे से लटका मिला। शव डिश की छतरी से बंधे फंदे से लटका था। बेटे का शव देखकर मां बेसुध हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में मां की डांट से नाराज किशोर ने सोमवार को फंदा लगाकर जान दे दी। वह कक्षा छह का छात्र था। हार्टमैन के पास सेंवई वाली गली के निवासी नाजिम उर्फ गुड्डू पेंटर का बड़ा बेटा फैजान (14) विद्या सागर पब्लिक स्कूल में कक्षा छह का छात्र था।
सोमवार को स्कूल नहीं जाने पर उसकी मां शन्नो ने डांट दिया। इससे नाराज फैजान सुबह नौ बजे घर की दूसरी मंजिल पर चला गया और डिश की छतरी से दुपट्टे का फंदा बनाकर लटक गया। परिजन छत पर गए तो घटना की जानकारी हुई। वे उसे मिनी बाईपास स्थित निजी अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने उसके शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
दो दिन पहले कलियर शरीफ से लौटा था परिवार
हफ्ते भर पहले नाजिम पूरे परिवार के साथ कलियर शरीफ दरगाह पर हाजिरी लगाने गए थे। वे दो दिन पहले ही घर लौटे थे। दरगाह पर फैजान ने कई फोटो खिंचवाए थे। फोटो देखकर फैजान के माता-पिता के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। घटना से कॉलोनी के लोग भी स्तब्ध हैं।
बाल मन को समझना बहुत जरूरी
काउंसलर डॉ. उज्मा कमर ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में चाहे कितनी भी उन्नति हो जाए, लेकिन बाल मन को समझना वक्त की सबसे बड़ी जरूरत है। आयु के अनुसार बच्चों में हार्मोनल बदलाव आते हैं। माता-पिता और शिक्षक जब उनके मन को समझने में चूक जाते हैं तो आत्महत्या, पलायन और नशे की प्रवृत्ति बढ़ती है। बच्चों की मानसिक स्थिति को समझकर उसके मुताबिक व्यवहार करना चाहिए।