टाइगर श्राफ का सपना.. सुपर हीरो वाली फिल्म में स्पाइडर मैन जैसा रोल
बरेली। कमाल की फिटनेस और एक्शन की बदौलत युवाओं में पहचान बनाने वाले फ्लाइंग जट्ट फेम फिल्म अभिनेता टाइगर श्राफ बरेली आते ही फैंस के हुजूम के बीच छा गए। सुबह से ही उनका इंतजार कर रहे युवा उनकी एक झलक पाने को बेताब नजर आए।
डीडीपुरम के कृष्णांचल नगर में अपने जिम का उद्घाटन करने आए टाइगर ने एक छोटा सा स्टंट दिखाकर उनमें और ज्यादा जोश भर दिया। मीडिया से रूबरू हुए तो बोले, युवाओं को फिट रहने का संदेश देना चाहते हैं। ड्रीम रोल के सवाल पर कहा कि उनका सपना स्पाइडर मैन जैसा रोल करने का है।
बहन कृष्णा श्राफ के साथ आए टाइगर ने प्रशंसकों का जोश देखकर खुशी जताई तो यह भी कहा कि फैंस का ज्यादा प्यार कई बार खतरनाक भी हो जाता है। बरेली में जिम की शुरुआत करने के सवाल के जवाब में कहा कि वह पूरे देश में लोगों को फिटनेस के प्रति अवेयर करना चाहते हैं, फिर बरेली में उनके प्रशंसकों की तादाद भी ज्यादा है।
बोले, बरेली अच्छा शहर है और वह यहां ज्यादा समय बिताना चाहते हैं। टाइगर ने बताया कि उनकी फिल्म बागी- 3 की शूटिंग बुधवार से शुरू हो रही है। इसी वजह से उन्हें जल्द मुंबई भी लौटना है। करीब 45 मिनट शहर में रुके टाइगर ने यह कहकर अपने प्रशंसकों से विदाई ली कि जल्द दोबारा आएंगे।
दिशा ने बताया.. बरेली में बहुत अच्छी मिठाई मिलती है
बरेली आए टाइगर ने यह कहते हुए दिशा पाटनी का नाम लिया कि दिशा ने उनसे बरेली की काफी तारीफ की है। यह भी बताया था कि बरेली में मिठाई बहुत अच्छी मिलती है। मौका मिलता तो वह भी बरेली की मिठाई जरूर खाते।
दिशा के पिता के बारे में बोले - वह यहीं है और उनकी सुरक्षा व्यवस्था देख रहे हैं। कहा, बरेली आकर बहुत अच्छा लगा। जल्द दोबारा आएंगे और यहां जिम में फिटनेस के गुर भी सिखाएंगे।
स्टंट दिखाकर युवाओं में भरा जोश
टाइगर के बारे में कहा जाता है कि वह जहां भी जाते हैं, कोई न कोई स्टंट जरूर दिखाते हैं। बरेली में भी उन्होंने एक छोटा सा स्टंट दिखाया। जिम के बीच बनाए गए रिंग में वह गेट से नहीं बल्कि उसकी रेलिंग को कूदकर अंदर पहुंचे। रिंग के अंदर पहुंचकर उन्होंने कई दर्शकों से हाथ भी मिलाया।
टाइगर के साथ सेल्फी के लिए धक्कामुक्की
टाइगर के पहुंचते ही दर्शकों में धक्कामुक्की शुरू हो गई। हर कोई टाइगर के साथ सेल्फी लेना चाहता था। तमाम दर्शक दूर से ही सेल्फी लेते रहे। बाहर सड़क पर भी टाइगर की एक झलक पाने को काफी भीड़ इकट्ठी हो गई। पुलिस बमुश्किल भीड़ को नियंत्रित कर पाई।