शहर विधायक के मित्र की गैस एजेंसी पर भी गड़बड़
बाट माप विभाग की टीम ने मारा छापा, गोदाम पर नहीं मिला कांटे का प्रमाण पत्र, कटा चालान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कई और एजेंसियों पर छापे, कुबेर एजेंसी के सिलिंडर पर नहीं मिली पीसीआर
शनिवार को भाजपा भाजपा महामंत्री की श्री सिद्धि विनायक इंडेन गैस एजेंसी के सिलिंडरों में बड़े पैमाने पर घटतौली पकड़ी गई थी। जांच में प्रत्येक सिलिंडर में ढाई से चार किलो तक गैस कम पाई गई। मामले पर जिला प्रशासन के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया। इस प्रकरण को गंभीरता से लेकर जिला प्रशासन के निर्देश पर अब विधिक माप विज्ञान विभाग के सहायक नियंत्रक ने टीम गठित कर जिले भर की सभी गैस एजेंसियों के गोदामों पर जांच की रणनीति बनाई। मंगलवार को पहले दिन तीन गैस एजेंसियों पर छापे मारे गए। खामियां पाए जाने पर टीम ने नियमानुसार कार्रवाई की।
शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार के बेहद करीबी की पत्नी सुनीता भारद्वाज के नाम से फरीदपुर सथरापुर स्थित लक्ष्मी एचपी गैस एजेंसी के गोदाम पर टीम पहुंची। गोदाम प्रभारी शिव मोहन सौ किलोग्राम इलेक्ट्रॉनिक बैलेंस (कांटे) का सत्यापन प्रमाण पत्र नहीं दिखा सके। नियमानुसार धारा 24/25 के उल्लंघन पर चालान काटा है। फरीदपुर रजऊ परसपुर की कुबेर इंडेन गैस सर्विस के गोदाम पर व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडर पर पीसीआर (प्राइस कमोडिटी रूल्स) चस्पा नहीं था। इन पर 18(1)/36(1) के तहत चालान काटा गया है। अहियापुर मानपुर की कल्याण इंडेन ग्रामीण वितरक के गोदाम पर कोई गड़बड़ी नहीं मिली।
टीम पहुंचते ही भागने लगे कर्मचारी
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को विधिक माप विभाग की ओर से छापे मारने की जानकारी जिले के सभी गैस एजेंसी संचालकों को थी, लेकिन टीम उनके गोदाम पर पहुंचेगी इसे लेकर असमंजस की स्थिति रही। तीनों गैस एजेंसियों के गोदामों पर जैसे ही टीम ने पहुंचकर कार्रवाई शुरू की तो कर्मचारी भागने लगे। गोदाम इचार्ज सकते में आ गए। टीम ने गोदाम खुलवाकर नियमानुसार जांच प्रक्रिया पूरी की।गैस एजेंसी हमारी नहीं है। हमारे मित्र जो हमारे साथ क्लिनिक पर काम करते हैं, उनकी पत्नी के नाम पर है। जहां तक मुझे पता है, वहां कांटे का सत्यापन प्रमाण पत्र नहीं मिला है। उसे वह बनवा लेंगे। हमारे मित्र के चार काम और भी हैं, उनके कामों से मेरा कोई लेना देना नहीं है। - डॉ. अरुण कुमार, शहर विधायक भाजपा
जिला प्रशासन के निर्देश पर टीम ने गैस एजेंसी के गोदाम पर जांच पड़ताल की है। खामियां मिलने पर चालान किया गया है। कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। - मनोज, सहायक नियंत्रक विधिक माप विज्ञान संभाग
नियमानुसार दो सौ ग्राम तक भरे सिलिंडर का वजन कम मिलने पर कार्रवाई से छूट का प्रावधान है, इसलिए वजन कम मिलने के मामले में कार्रवाई नहीं की गई। - पवन यादव, वरिष्ठ निरीक्षक विधिक किला लैब