Bareilly News: आस्था की राह में अव्यवस्था, दलदल भरे मार्ग से दंडवत गुजरे शिवभक्त
फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में भोलापुर रामगंगा घाट से गुजरने वाले मार्ग को ठीक नहीं किया। बारिश में यह मार्ग दलदल में तब्दील हो गया। कांवड़िये दलदल से होकर गुजर रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में अधिकारियों के दावे के बावजूद कावड़िये दलदल भरे रास्ते से गुजरने के लिए मजबूर हैं। भोलापुर रामगंगा घाट से गुजरने वाले मार्ग को दुरुस्त नहीं किया गया। बृहस्पतिवार को दंडवत करके आ रहे कांवड़िये कीचड़ में सन गए।
गांव चितौली के नंदकिशोर और प्रियांशु ने बृहस्पतिवार को भोलापुर घाट से दंडवत यात्रा शुरू की। उन्होंने बताया कि वे लोग कांवड़िया मंदिर में सोमवार को जलाभिषेक करेंगे। करीब दो किलोमीटर तक घुटनों तक कीचड़ और दलदल से होकर जाना पड़ा। सात किलोमीटर लंबी यात्रा में कई जगह रास्ता और भी खराब है।
मुख्य सड़क तक आने वाला एकमात्र मार्ग
घाट से सड़क तक आने का यह एकमात्र मार्ग है। सावन में मार्ग दुरुस्त करने के सीएम ने निर्देश दिए थे। शांति समिति की बैठक में भी दिक्कत न होने देने के आश्वासन मिले, लेकिन वे कागजी ही साबित हो रहे हैं।
एसडीएम निधि शुक्ला ने बताया कि शांति समिति की बैठक में कर्मचारियों को रास्ता दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजू बावजूद कांवड़ियों को खराब रास्ते से गुजरना पड़ रहा है, तो जांच कराकर काम में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मार्ग भी दुरुस्त कराया जाएगा।
जुलूस वाले मार्गों के गड्ढे भरवाने तारों को दुरुस्त कराने की हिदायत
ईद मिलादुन्नबी को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अविनाश सिंह व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को आईएमए हॉल में पीस कमेटी की बैठक हुई। इस दौरान जुलूस ए-मोहम्मदी की तैयारियों व व्यवस्थाओं पर मंथन हुआ।
डीएम ने जुलूस वाले मार्गों के गड्ढे भरवाने, लटकते विद्युत तारों को कसने, निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने व साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। निर्धारित रूट से ही जुलूस निकालने, नई परंपरा शुरू नहीं करने और अंजुमनों से समय पर पहुंचकर निर्धारित समय पर जुलूस निकालने का आग्रह किया।
एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि संवाद से समस्याओं का समाधान संभव है। डीजे की ऊंचाई जमीन से 12 फीट से अधिक न हो। उसकी लंबाई 12 फीट व चौड़ाई 10 फीट से ज्यादा न हो। गैर-परंपरागत रूट पर आयोजन न करने व मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के लिए कहा।
इस दौरान नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा, पुलिस अधीक्षक नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्रा आदि मौजूद रहे।