त्योहार पर हादसे ने छीनीं खुशियां: ट्रक की टक्कर से भाई-बहन की मौत, तीसरा घायल; परीक्षा देने जा रहे थे तीनों
Bareilly Road Accident News: बरेली जिले के बहेड़ी में धनतेरस के दिन हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। यहां ट्रक की टक्कर से बाइक सवार भाई-बहन की मौत हो गई। एक अन्य छात्र घायल हो गया।
विस्तार
बरेली के बहेड़ी थाना क्षेत्र में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हुआ। नारायण नगला रोड गल्ला मंडी के पास ट्रक की टक्कर से भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि तीसरा छात्र गंभीर घायल हो गया। तीनों बाइक पर सवार थे। एनसीसी की परीक्षा देने टांडा छंगा जा रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया। ट्रक को कब्जे में लिया है।
गल्ला मंडी के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक बहेड़ी के गांव सिमरा सिमरिया निवासी जतिन दिवाकर, उसकी बहन ऊषा दिवाकर और अनमोल दिवाकर एक ही बाइक पर सवार होकर एनसीसी का पेपर देने जा रहे थे। गल्ला मंडी के पास ट्रक ने पीछे से इनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे जतिन और ऊषा दिवाकर की मौके पर ही मौत हो गई। 18 वर्षीय अनमोल दिवाकर गंभीर घायल हो गया।
परिवार में मचा कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए। भाई-बहन के शवों को देखकर चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल अनमोल को अस्पताल भिजवाया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। त्योहार पर हुए हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खबर से संबंधित वीडियो