Bareilly News: बिना शादी के घर लाया दुल्हन, 12 घंटे में ही टूटे युवक के अरमान
बरेली के नवाबगंज में एक युवक के शादी के अरमान 12 घंटे में ही टूट गए। जिस युवती को शादी करने के लिए घर लाया, वह जेवर और नकदी लेकर फरार हो गई।
विस्तार
बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र में शातिर दिमाग लोगों ने बीसलपुर के एक युवक को शादी का झांसा देकर सत्तर हजार रुपये ठग लिए। युवती शाम को युवक के साथ उसके घर चली गई। सुबह वह जेवर लेकर परिजनों के साथ फरार हो गई। अब पीड़ित युवक उसकी तलाश कर रहा है।
थाना बीसलपुर क्षेत्र के महुआ गांव निवासी युवक अविवाहित है। आरोप है कि 29 अगस्त को थाना नवाबगंज के गांव हरदुआ निवासी एक ग्रामीण और इसी गांव के दूसरे समुदाय के युवक ने उसे शादी कराने का झांसा दिया। कहा कि 70 हजार रुपये लेकर हमारे साथ चलो। शादी के लालच में युवक 70 हजार रुपये लेकर इज्जतनगर इलाके में आया।
रातभर रुकी, सुबह फरार
आरोपियों ने युवक की मुलाकात एक युवती से कराई। 70 हजार रुपये लड़की के कथित परिजनों को देने के बाद वह अपने साथ युवती को लेकर गांव आ गया। बोला, गांव में शादी करेंगे। रात में युवती उसके घर रही। सुबह उसके परिजन घर आ गए। उन्होंने युवती को घर ले जाने की बात कही। कहा कि हमारे परिवार में यही रस्म है। शाम को फिर से से विदा करा ले जाना।
इसके बाद युवती घर में रखे सोने चांदी के आभूषण लेकर परिजनों के साथ फरार हो गई। जब शाम को युवक बताई जगह पहुंचा तो युवती गायब थी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो उन्होंने शादी कराने वाले लोगों से बात की। पता लगा कि वह भी घर छोड़कर फरार हो चुके हैं। युवक ने थाना नवाबगंज में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।