UP News: 600 पशुओं के कटान के लिए अफसरों को जा रहे रुपये और गिफ्ट, सोशल मीडिया पर वायरल हो रही सूची
बरेली में सोशल मीडिया पर वायरल रिश्वत की सूची को मीट फैक्टरी प्रबंधन ने सिरे से नकार दिया है। फैक्टरी प्रबंधन का कहना है कि किसी ने साजिशन इस तरह का पत्र बनाकर डाला है, जो पूरी तरह फर्जी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में सोशल मीडिया पर वायरल एक पत्र ने हलचल पैदा कर दी है। इसमें एक मीट फैक्टरी प्रबंधन की ओर से दूरदराज के जिलों में तैनात अफसरों तक रुपये और गिफ्ट पहुंचाने का जिक्र है। हालांकि, आयकर विभाग ने ऐसा कोई पत्र मिलने से इन्कार किया है। वहीं, फैक्टरी प्रबंधन ने इसे सिरे से नकारते हुए संबंधितों पर कानूनी कार्रवाई की बात कही है।
सोशल मीडिया पर वायरल पत्र में दो तरह की स्थिति का जिक्र है। दो पेजों के पत्र का एक हिस्सा सवाल और जवाबों से भरा है। इसमें आय व अन्य बिंदुओं पर सवाल पूछे गए हैं। प्रबंधन की ओर से संतुलित जवाब दिए गए हैं। दूसरा हिस्सा डाटा शीट वाला है। उसमें बहराइच, लखीमपुर खीरी व अन्य जिलों के कई विभागों के अधिकारियों तक अलग-अलग मदों में रिश्वत पहुंचाने का जिक्र है।
600 पशुओं के कटान के लिए रिश्वत किस दरोगा या अधिकारी के ड्राइवर के जरिये भेजी गई है, उसका भी नाम व पद अधिकारी के सामने वाले खाने में दर्ज किया गया है। होटलों व शराब के खर्चे कितने और कब हुए, इसका जिक्र भी डाटा शीट में है। लिखा है कि दिसंबर 2020 में दस हजार से लेकर 50,000 रुपये तक दिए गए हैं। कुल मिलाकर एक माह में 2,68,694 रुपये देने का जिक्र है।
प्रशासनिक अधिकारी को भी रकम देने का जिक्र
बरेली में पूर्व में तैनात रहे एक प्रशासनिक अधिकारी को भी रकम देने का जिक्र है। हालांकि, उनकी तैनाती का वास्तविक समय इस डाटा में लिखे समय से मेल नहीं खा रहा। तब उनकी जगह दूसरे अधिकारी तैनात थे। आयक विभाग के अधिकारियों ने इस तरह की कोई सूची मांगने या फैक्टरी की ओर से मिलने से इन्कार किया है। वहीं, सीओ प्रथम पंकज श्रीवास्तव ने भी जानकारी से इन्कार किया।
प्रबंधन ने नकारे आरोप
संबंधित फैक्टरी के प्रबंधक का कहना है कि कुछ लोगों ने साजिशन झूठी शिकायतें की थीं। जांच में आरोप निराधार मिल रहे हैं और फैक्टरी संचालन शुरू होने के आसार हैं। ऐसे में किसी ने साजिशन इस तरह का पत्र बनाकर डाला है, जो पूरी तरह फर्जी है। प्रबंधन ऐसा करने वालों की जानकारी जुटा रहा है। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।