IPL Betting: आईपीएल को लेकर सट्टा बाजार गर्म, बरेली के पॉश इलाकों में लग रहे दांव, विदेश में बैठे बुकी
बरेली में पुलिस ने सोमवार को एक मकान में छापा मारकर दो सटोरियों को गिरफ्तार किया था। दोनों के पास मोबाइल में आईडी खुली हुई थी, जिसमें सैकड़ों लोगों से चैट व रुपये लगाने के साक्ष्य मिले, लेकिन पुलिस सिर्फ इन्हीं दोनों की गिरफ्तारी तक ही सीमित रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में आईपीएल को लेकर इन दिनों सट्टा बाजार गर्म है। दूसरे शहर या विदेश में बैठे बुकी शहर के पॉश इलाकों में दांव लगवा रहे हैं। गुर्गों पर छिटपुट कार्रवाई कर पुलिस अपनी पीठ थपथपा रही है लेकिन असली सटोरिये इनकी पकड़ से दूर हैं। पूरे शहर में यह धंधा धड़ल्ले से रहा है लेकिन पहली बार किला पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) में इन दिनों रोमांचक मुकाबले चल रहे हैं। शहर में सक्रिय बुकी पॉश इलाकों में बैठकर आईडी के जरिये ऑनलाइन दांव लगवा रहे हैं। बाद में उनके गुर्गे संबंधित व्यक्ति से संपर्क कर नकदी ले आते हैं। पिछले दिनों ठेकेदार शिवांश तोमर से आईपीएल आईडी बनाने के नाम पर 13 लाख रुपये की ठगी की गई थी। शिकायत हुई पर कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी।
सोमवार को किला थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह व किला चौकी प्रभारी सुरेशपाल सिंह ने क्षेत्र के नवदिया में मुबारक के घर में छापा मारा था। यहां बस्ती का ही शब्बू भी मिला। दोनों के पास मोबाइल फोन में आईपीएल की आईडी खुली हुई थी, जिसमें सैकड़ों लोगों से चैट व रुपये लगाने के साक्ष्य मिले। इसके बाद भी पुलिस सिर्फ दो आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित रही।
बुकी एप और वेबसाइट के माध्यम से सट्टा कारोबार ऑपरेट करते हैं। सट्टेबाज संबंधित शख्स को अपने वेबसाइट का लिंक शेयर कर देते हैं। लिंक पर क्लिक करते ही सट्टेबाजों की वेबसाइट खुल जाती है। सौदा हो जाने पर सट्टा खेलने वालों की आईडी जनरेट कर दी जाती है जिसके माध्यम से दांव लगाया जाता है।
इन इलाकों में ज्यादा सक्रिय हैं बुकी
सूत्रों के मुताबिक कैंट के एक भवन में स्नूकर पूल के बहाने धंधेबाजों ने अड्डा बना रखा है। सूद धर्मकांटा के पास के चर्चित बुकी ने इन दिनों स्टेशन रोड के भवन में अड्डा जमा रखा है। वीर सावरकर नगर में कथित नेता ने फिर सट्टेबाजी का धंधा चमकाया है। डीडीपुरम और राजेंद्र नगर इलाके में भी कई बुकी दांव लगवा रहे हैं। सीबीगंज के अटरिया गांव में अड्डा बनाकर एक बुकी लाखों के दांव लगवा रहा है।
एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने बताया कि किला पुलिस ने घर में चल रहे सट्टे के मामले में कार्रवाई की है। शहर में कहीं और भी इस तरह के दांव लगाए जा रहे हैं तो पुलिस कार्रवाई करेगी।