बरेली बवाल: 'पापा गाड़ी में बैठ जाओ.. उसके पास बहुत असलहे हैं'; गोलीकांड का एक और लाइव वीडियो आया सामने
बरेली के पीलीभीत बाइपास के किनारे प्लॉट पर कब्जे को लेकर हुई फायरिंग के मामले में इज्जतनगर थाना पुलिस ने तीन और आरोपी गिरफ्तार कर लिए हैं। अब तक कुल 17 आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। इन तीनों को मिलाकर यह संख्या 20 हो जाएगी।
विस्तार
बरेली के पीलीभीत बाइपास पर प्लॉट पर कब्जे को लेकर प्रॉपर्टी डीलर राजीव राना और आदित्य उपाध्याय के गुटों में जमकर फायरिंग हुई थी। इस गोलीकांड के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक और वीडियो सामने आया है। जिसमें मार्बल कारोबारी आदित्य उपाध्याय अकेले गोली बरसता दिखाई दे रहा है।
गोलीबारी में आदित्य उपाध्याय ने अकेले ही फायरिंग की थी। उसका बेटा कार में बैठा थरथरा रहा था। कार के अंदर से बनाया गया पहला वीडियो अब वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि लड़कों की भीड़ प्लॉट के पास पेड़ के नीचे खड़ी है। कुछ बदमाश प्लॉट में तोड़फोड़ कर रहे हैं। कई के मुंह पर कपड़ा बंधा है।
पुलिस की बाइक भी खड़ी है, जिस पर दो सिपाही हैं। एक दरोगा स्कूटी पर बैठकर फोन पर बात कर रहा है। कार से बंदूक लेकर आदित्य उतरता है और पुलिसकर्मियों से कहता है कि यह क्या हो रहा है? वह फायरिंग करते हुए प्लॉट की तरफ बढ़ता है। कई लड़के पथराव करने लगते हैं तो कुछ तमंचों से फायर करते हैं। अभिराज और एक अन्य युवक आदित्य से बार-बार कार में बैठने के लिए कहते हैं। अभिराज कहता है पापा गाड़ी में बैठ जाओ, उनके पास बहुत असलहे हैं। फिर गुस्से में अभिराज कार को भीड़ के ऊपर चढ़ाने की कोशिश करता है।
तीन और आरोपी गिरफ्तार
बरेली के पीलीभीत बाइपास के किनारे प्लॉट पर कब्जे को लेकर हुई फायरिंग के मामले में इज्जतनगर थाना पुलिस ने तीन और आरोपी गिरफ्तार कर लिए हैं। अब तक कुल 17 आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। इन तीनों को मिलाकर यह संख्या 20 हो जाएगी। मुख्य आरोपी राजीव राना, केपी यादव का सुराग नहीं लगा है।
पुलिस की चार टीमों की धरपकड़ का सोमवार को नतीजा नहीं निकला था। मंगलवार को पुलिस ने भुता थाना क्षेत्र के म्यूडी खुर्द कलां निवासी मनोज कटियार, प्रेमनगर के नमन गोस्वामी और हर्ष शर्मा को गिरफ्तार किया है। तीनों राजीव राना गुट के हमलावर बताए जा रहे हैं।
इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि पुलिस ने इनके कब्जे से एक-एक चाकू बरामद किया है। सभी पर पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। इधर, आदित्य उपाध्याय के सहयोगी अनुज मिश्रा को पुलिस ने दोपहर बाद कोर्ट परिसर के बाहरी हिस्से से पकड़ लिया। वह किसी तारीख के सिलसिले में यहां आया था और पुलिस के हाथ लग गया। हालांकि पुलिस ने अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं दिखाई है।