Bareilly News: ट्रक-डंपर मालिकों की कुंडली खोज रही पुलिस, चिह्नित होंगे माफिया, पंजीकृत किए जाएंगे गैंग
बरेली जिले में अवैध उप खनिज लेकर आ रहे ट्रक-डंपरों ने चेक प्वांइट पर बैरिकेडिंग तोड़कर चेकिंग टीम को कुचलने की कोशिश की थी। अधिकारी-कर्मचारियों ने इधर-उधर भागकर जान बचाई। इस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जांच तेज कर दी है। पुलिस पकड़े गए ट्रक और डंपरों के मालिकों का पता लगाने में जुटी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड-यूपी बॉर्डर से उपखनिज का अवैध परिवहन करने वालों में खलबली मच गई है। बरेली जिले में नैनीताल मार्ग पर चेक प्वाइंट 24 घंटे उपखनिज के अवैध परिवहन और ओवरलोड वाहनों पर नजर रख रहे हैं। दबोचे गए पांच लोकेटरों समेत 24 लोगों के विरुद्ध पुलिस बड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में जुटी है। इनको जेल भेजने के बाद अब पुलिस बहेड़ी मंडी स्थल पर खड़े कराए गए ओवरलोड ट्रक-डंपरों के मालिकों की कुंडली खोज रही है। एआरटीओ को सभी 37 ट्रक-डंपरों के नंबर भेजकर उनके मालिकों का विवरण मांगा है। बहेड़ी सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि फिर आरोपियों के विरुद्ध माफिया चिह्नीकरण, गैंग पंजीकरण, गैंगस्टर की कार्रवाई चलेगी।
सीओ ने बताया कि बुधवार शाम को बहेड़ी टोल पर हुई घटना में शामिल पांच लोकेटरों समेत 24 लोगों को शुक्रवार को जेल भेज दिया गया था। यह लोग उपखनिज के अवैध परिवहन करने में लगे थे। बहेड़ी टोल से पहले चेक प्वाइंट पर बैरिकेडिंग तोड़कर जांच टीम को जान से मारने की नियत से उनकी तरफ ट्रक दौड़ा दिए थे। अधिकारियों-कर्मचारियों ने भागकर जान बचाई, लेकिन दरोगा कृष्णपाल को चोट आई थी।
उन्होंने बताया कि जेल भेजे गए लोगों के पास मिले मोबाइल की कॉल डिटेल और व्हाट्सएप ग्रुप खंगाले जा रहे हैं। साथ ही पकड़े गए 37 ट्रक-डंपरों के नंबर का विवरण एआरटीओ को भेजा है। सीओ ने बताया कि वाहन स्वामियों की पहचान होने के बाद उनके विरुद्ध गिरफ्तारी की कार्रवाई करेंगे और मुकदमे में जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल की जाएगी। फिर आरोपियों में माफिया चिह्नीकरण, गैंग पंजीकरण और गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी।
आठ घंटे में केवल 60 ट्रक-डंपर उपखनिज लेकर निकले
बहेड़ी सीओ ने बताया कि नैनीताल मार्ग पर उपखनिज का अवैध परिवहन लगभग थम गया है। आठ घंटे में केवल 60 ट्रक-डंपर उपखनिज लेकर निकले हैं। उनके पास संपूर्ण वैध दस्तावेज भी पाए गए हैं। बताया कि शुक्रवार रात 12 बजे से शनिवार सुबह आठ बजे तक उपखनिज लेकर 60 ट्रक-डंपर बहेड़ी टोल से पार हुए हैं।
शनिवार सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक 55 ट्रक-डंपर निकले हैं। यह सभी वाहन वैध तरीके से उपखनिज लेकर परिवहन करते मिले हैं। चेक प्वाइंट बनने से पहले इस मार्ग पर काफी संख्या में उपखनिज लेकर अवैध तरीके से ओवरलोड ट्रक-डंपर पास होते थे। चेक प्वाइंट पर मौजूद रजिस्टर में उपखनिज लेकर मार्ग से निकलने वाले प्रत्येक ट्रक-डंपर व आईएसटीपी (इंटरस्टेट ट्रांजिट पास) नंबर और वाहन स्वामी का नाम आदि विवरण दर्ज किया जा रहा है।
बिना आईएसटीपी के ट्रक एक राउंड पर बचाते हैं 7000 रुपये
बहेड़ी सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बिना आईएसटीपी के उपखनिज के अवैध परिवहन पर ट्रक के एक राउंड पर खनन माफिया करीब 7,000 रुपये की बचत कर लेते हैं। उन्होंने बताया कि नैनीताल हाईवे पर चेक प्वाइंट बनाने के संबंध में डीएम ने पहला आदेश तीन दिसंबर से जारी किया था।
उसी समय से बहेड़ी टोल पर कैंप लग रहा है और यहां पर आठ-आठ घंटे के लिए अधिकारियों की तीन शिफ्ट में ड्यूटी चल रही है। सीओ ने कहा कि उपखनिज का अवैध परिवहन करने वालों को शुरूआत में लगा कि दो-चार दिन बाद यह कैंप हट जाएगा, लेकिन जब कैंप का संचालन नियमित होते देखा तो ट्रक-डंपर वाले और उनके साथ चलने वाले सहयोगी परेशान हुए हैं।