Dhanteras 2023: धनतेरस पर बरेली के बाजार में 'धनवर्षा', 750 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान
धनतेरस के साथ पंच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत हो गई है। बाजार में रौनक छाई हुई है। बरेली के बाजारों में शुक्रवार सुबह से 10 बजे से भीड़ उमड़ने लगी। ज्वेलरी, ऑटोमोबाइल, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक, फर्नीचर शोरूम पर खासी भीड़ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
धनतेरस से दीपोत्सव का शुभारंभ हो गया है। इस बार धनतेरस पर बाजार में मां लक्ष्मी की कृपा बरस रही है। बरेली के बाजारों में शुक्रवार सुबह से 10 बजे से भीड़ उमड़ने लगी। गहने, ऑटोमोबाइल, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक, फर्नीचर शोरूम पर खासी भीड़ है। व्यापारियों ने बीते साल की तुलना में इस बार डेढ़ गुना ज्यादा 750 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान जताया है।
कारोबारियों के मुताबिक इस साल महामारी का प्रकोप नहीं है। वहीं, मानसून भी बेहतर रहा। बाजार भी पहले की तरह पटरी पर आ चुका है। सरकारों ने भी कर्मचारियों के लिए खजाना खोल दिया है। लोग खुलकर खर्च करने को तैयार हैं। इसे देखते हुए कारोबारियों ने भी पूरी तैयारी की है। ज्वेलरी की आकर्षक डिजाइन, ऑटोमोबाइल्स में वाहनों की आपूर्ति बढ़ने, इलेक्ट्रॉनिक्स पर सर्दियों का असर साफ नजर आ रहा है। बृहस्पतिवार को भी बाजार में पूछताछ के लिए ग्राहकों की कतार लगी रही।
चमका बर्तन बाजार
धनतेरस पर परंपरानुसार धातु की खरीदारी समृद्धि का प्रतीक मानी जाती है। इसे देखते हुए आलमगिरीगंज समेत बड़े शोरूम और मॉल्स में भी बर्तनों का अच्छा खासा स्टॉक मंगाया गया है। नई डिजाइन और किफायती दामों में मजबूत और टिकाऊ बर्तन की खूब बिक्री होने की उम्मीद है। महज धनतेरस पर ही करीब 40 करोड़ रुपये से ज्यादा बर्तन बिक्री का अनुमान है।
बढ़ जाएगा 50 करोड़ का कारोबार
बाजार के जानकारों के मुताबिक बीते साल के सापेक्ष इस साल ज्वेलरी, ऑटोमोबाइल्स, फर्नीचर, मिठाई, इलेक्ट्रॉनिक्स और कुछ किराना सामग्रियां महंगी हुईं हैं। इस वजह से भी कारोबार में 50 करोड़ रुपये का इजाफा होने के आसार हैं। महंगाई के बाद भी परिस्थितियां अनुकूल होने से लोगों की खर्च करने की क्षमता बढ़ी है। लिहाजा, महंगाई का खरीदारी पर कोई खास प्रभाव नहीं होगा।
तीन सौ कार व एक हजार बाइकों की होगी डिलीवरी
ऑटोमाबाइल्स सेक्टर के कारोबारियों के मुताबिक धनतेरस पर पूर्व में बुक हुए वाहनों की डिलीवरी होगी। शहर के अलग-अलग शोरूम से करीब 300 सौ से ज्यादा कारें और एक हजार से ज्यादा बाइकें डिलीवर की जाएंगी। कुछ लोग धनतेरस के दिन भी वाहन खरीदते हैं। इस साल ई-बाइक की बिक्री में भी इजाफा हुआ है।
750 से ज्यादा ई-वाहन की होगी बिक्री
धनतेरस पर एक दिन में शहर में 750 से ज्यादा ई-वाहनों की बिक्री होगी। इनमें इलेक्ट्रिक स्कूटी की संख्या ज्यादा है। हाई स्पीड के मुकाबले लो स्पीड स्कूटी ज्यादा बिक रही हैं। दरअसल, इसके लिए रजिस्ट्रेशन और ड्राइविंग लाइसेंस की जरूरत नहीं होती। डीलर अनूप अग्रवाल व प्रशांत कक्कड़ के मुताबिक दिवाली के सीजन में एक हजार से अधिक ई-स्कूटी की बिक्री होने का अनुमान है। डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के बीच लोग ई-वाहनों को तबज्जो दे रहे हैं।
मिठाई और घर सजाने की चाहत से चमका बाजार
त्योहार का मौका हो और मुंह मीठा न हो, यह मुमकिन नहीं। दीपोत्सव पर मिठाइयों की खूब बिक्री हो रही है। धनतेरस से पहले ही मिठाई की दुकानों पर कतारें लग रही हैं। काजू, अंजीर, रसगुल्ला, मिक्स समेत अन्य मिठाइयों की मांग हो रही है। वहीं, घर को सजाने के लिए गुलाब और गेंदा के फूलों की भी मांग बढ़ गई है।
झालर, दीये, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी हो रही खूब बिक्री
झालरों से भले ही घर जगमग हो पर समृद्धि का आधार मिट्टी के दीये माने गए हैं। लिहाजा, पुराना बस अड्डा, पीलीभीत बाइपास, मिनी बाइपास, बदायूं रोड की पर कुंभकारों की दुकानों पर भी कतार लग रही है। वहीं, इलेक्ट्रिरकल्स और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में खासी भीड़ है। मोबाइल फोन से ज्यादा ओवन, गीजर-हीटर आदि की बिक्री होने का अनुमान है।