Bareilly News: वन विभाग की टीम को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश, जांच करने पहुंचे लेखपाल से भी अभद्रता
वन विभाग की टीम को चालक ने ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास किया। टीम ने भागकर जान बचाई। इस मामले में तहसीलदार ने दो लोगों को पकड़ा। चार घंटे बाद बिना कार्रवाई के ही आरोपियों को छोड़ दिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के फरीदपुर में बीसलपुर रोड पर सड़क के किनारे सरकारी जमीन पर मिट्टी डालकर किए जा रहे कब्जे को रुकवाने पहुंची वन विभाग की टीम को माफिया ने ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास किया। टीम ने भागकर जान बचाई। सूचना पर पहुंचे लेखपाल के साथ भी अभद्रता की गई। इस मामले में तहसीलदार ने दो लोगों को पकड़ा। चार घंटे बाद बिना कार्रवाई के ही आरोपियों को छोड़ दिया गया।
बीसलपुर रोड किनारे एक व्यक्ति प्लॉट पर मिट्टी डालकर पटान करा रहा है। बराबर में ही वन विभाग की पौध भी लगी है। इस जमीन पर भी माफिया कब्जा करने की नीयत से भराव डाल रहा है। सूचना पर बृहस्पतिवार को वन दरोगा विक्रम चौधरी और विभाग में माली के पद पर तैनात सत्यपाल मौके पर पहुंचे।
भागकर बचाई जान
आरोप है सत्यपाल ने जब एक ट्रैक्टर-टॉली को रुकवाने का प्रयास किया तो चालक ने उनके ऊपर ही ट्रैक्टर दौड़ा दिया। सत्यपाल ने भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद माफिया ट्रैक्टर-टॉली लेकर फरार हो गए। मौके पर पहुंचे राजस्व विभाग के लेखपाल के साथ भी लोगों ने अभद्रता की। लेखपाल की सूचना पर टीम के साथ पहुंचे तहसीलदार दो लोगों को पकड़कर तहसील ले आए।
दोनों आरोपियों को छुड़वाने के लिए फोन आने शुरू हो गए। दबाब बढ़ने पर करीब चार घंटे तहसील में बैठाने के बाद दोनों को बिना कार्रवाई के ही छोड़ दिया गया। फरीदपुर तहसीलदार शेर बहादुर सिंह ने किसी आरोपी को तहसील लाने की बात से इन्कार किया। उन्होंने बताया कि मामले में जांच की जा रही है शुक्रवार को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग के रेंजर वैभव चौधरी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पौध को नुकसान पहुंचाने पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जुर्माना लगाया जाएगा।