खुन्नस का खामियाजा : शाही जामा मस्जिद को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला अरेस्ट, DJ पर रोक लगाने से खफा था समद
बुधवार को जामा मस्जिद के मुख्य द्वार के बराबर की दीवार पर हाथ से लिखा एक पत्र चस्पा मिला था। इसमें किसी भी जुमे को मस्जिद में बम रखने की बात कही गई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली की शाही जामा मस्जिद को बम से उड़ाने और शहर इमाम को गोली मारने की धमकी देने वाले को पुलिस ने बुधवार रात में ही गिरफ्तार कर लिया। धमकी जामा मस्जिद के पास ही रहने वाले समद ने दी थी। पुलिस और एसटीएफ ने उससे घंटों पूछताछ की। बृहस्पतिवार शाम उसे कोर्ट में पेश किया गया। जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि शहर इमाम ने ईद मिलाद-उल-नबी के जुलूस में डीजे लगाने को सख्ती से मना कर दिया था। इसी खुन्नस में उसने धमकी दी थी।
बुधवार को जामा मस्जिद के मुख्य द्वार के बराबर की दीवार पर हाथ से लिखा एक पत्र चस्पा मिला था। इसमें किसी भी जुमे को मस्जिद में बम रखने की बात कही गई थी। साथ ही शहर इमाम मुफ्ती खुर्शीद आलम को गोली मारने की धमकी दी गई थी। धमकी भरा पत्र मिलने के बाद काफी लोग जामा मस्जिद पर जमा हो गए थे। एसपी सिटी ने भी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की थी।
इस मामले में किला पुलिस ने शक के आधार पर रात में ही जामा मस्जिद के पास ही रहने वाले नसीम अहमद के बेटे समद समेत सात युवकों को हिरासत में ले लिया था। पूछताछ के दौरान समद ने धमकी देने की बात स्वीकर कर ली। उसने पुलिस को बताया कि जामा मस्जिद में तकरीर के दौरान शहर इमाम मुफ्ती खुर्शीद आलम ने ईद मिलाद-उल-नबी के जुलूस में डीजे बजाने को सख्ती से मना कर दिया था। इससे वह नाराज था। इसी खुन्नस में उसने धमकी भरा पत्र चस्पा कर दिया। पुलिस के साथ ही एसटीएफ ने भी उससे पूछताछ की। इंस्पेक्टर किला अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी समद को जेल भेज दिया गया है।
50 हजार रुपये एडवांस देकर डीजे किया था बुक
समद ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि ईद मिलाद-उन-नबी पर जुलूस निकाले जाते हैं। एक दिन पुराने शहर का जुलूस निकलता है और अगले दिन नए शहर का। जुलूस के लिए उसने डेढ़ लाख रुपये में डीजे बुक किया था। 50 हजार रुपये एडवांस भी दे दिए थे। शहर इमाम ने जुलूस में डीजे बजाने को मना किया तो उसे लगा कि उसे 50 हजार रुपये की चपत लग जाएगी। इसी से वह शहर इमाम से खुन्नस मानने लगा।
डॉग स्क्वाड ने खंगाला घर
आरोपी समद से एटीएस ने भी पूछताछ की। इसके बाद डॉग स्क्वाड ने उसका घर खंगाला गया, लेकिन घर से कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई। दरअसल, समद ने जामा मस्जिद को बम से उड़ाने की धमकी दी थी, इसलिए खुफिया एजेंसियों को शक था कि कहीं उसने घर में कोई विस्फोटक सामग्री तो छिपा कर नहीं रखी है। लिहाजा डॉग स्क्वाड की मदद से घर की तलाशी ली गई। किसी संगठन से उसके संपर्क की भी जांच की गई, लेकिन पुष्टि नहीं हुई। समद आठवीं पास है। परिवार में उसके माता-पिता के अलावा दो भाई और एक बहन है।