Bareilly News: मतदाता बनने के लिए 11 से 17 मार्च तक करें आवेदन, चुनाव टलने के कारण फिर मिला मौका
मतदाता सूची का ड्राफ्ट होली के बाद 10 मार्च को प्रकाशित होगा। इसके बाद आप नाम पते में संशोधन के लिए प्रारूप 16 व किसी नाम को हटवाने के लिए प्रारूप 17 भरकर जमा करेंगे।
विस्तार
बरेली में नगर निगम के 80 वार्डों में 8,83,023 मतदाता हैं। मतदाता संख्या और बढ़ सकती है। अगर आपका नाम नगर निगम की मतदाता सूची में शामिल नहीं है। आप मतदाता बनना चाहते हैं तो शासन ने 11 से 17 मार्च तक का समय दिया है। प्रारूप 15 भरकर बीएलओ के पास जमा करेंगे तो जांच के बाद आपका नाम सूची में शामिल किया जाएगा।
निगम के चुनाव को लेकर मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्यक्रम घोषित किया गया है। मतदाता सूची का ड्राफ्ट होली के बाद 10 मार्च को प्रकाशित होगा। इसके बाद आप नाम पते में संशोधन के लिए प्रारूप 16 व किसी नाम को हटवाने के लिए प्रारूप 17 भरकर जमा करेंगे। दावे और आपत्तियों का परीक्षण व निस्तारण 18 से 22 मार्च तक होगा।
मतदाता सूची की पांडुलिपि 23 से 31 मार्च तक बनेगी. अंतिम रूप से पहली अप्रैल को सूची का प्रकाशन हो जाएगा। सूची इससे पहले 18 नवंबर अंतिम रूप से प्रकाशित की गई थी लेकिन चुनाव टलने की वजह एक बार फिर नाम शामिल कराने का अवसर दिया गया है।
नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्र में भी जुड़ेंगे नए मतदाता
नगर पंचायत ठिरिया निजावत खां, रिठौरा, धौरा टांडा, मीरगंज, फतेहगंज पश्चिमी, शाही, शीशगढ़, सेथल, फरीदपुर, रिछा, देवरनियां, फतेहगंज पूर्वी, बिशारतगंज, सिरौली तथा नगर पालिका परिषद नवाबगंज, फरीदपुर, व आंवला में भी मतदाता सूची में नाम शामिल कराए जा सकेंगे।
कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
अगर आप पहली जनवरी 2023 को 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके हैं तो नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं। इसके लिए sec.up.nic.in ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।