Ayodhya Ram Mandir: रामनवमी पर बरेली होकर अयोध्या जाने वाली सभी ट्रेनें फुल, बस सेवा शुरू होने की उम्मीद नहीं
रामनवमी पर रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या जाने की होड़ मची हुई है। स्थिति यह है कि ट्रेनें 10 मई तक के लिए कन्फर्म टिकट उपलब्ध नहीं हैं। वहीं, बरेली से अयोध्या के लिए बस सेवा भी शुरू नहीं हो सकी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अयोध्या में रामलला के अचल विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहली रामनवमी 17 अप्रैल को है। रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में अयोध्या जाने के लिए होड़ मची है। बरेली होते हुए अयोध्या जाने वाली नौ ट्रेनों में 10 मई तक के लिए कन्फर्म टिकट उपलब्ध नहीं हैं। कई ट्रेनों की स्लीपर व एसी तृतीय श्रेणी में नो रूम की स्थिति है। कुछ ट्रेनों में वेटिंग 400 के पार पहुंच गई है। अयोध्या जाने वाली ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाने के बाद भी हालात सामान्य नहीं हुए हैं।
प्रतिदिन संचालित होने वाली कोलकाता एक्सप्रेस, गंगा-सतलुज, अयोध्या-नई दिल्ली और योगनगरी-हावड़ा एक्सप्रेस की स्लीपर श्रेणी में नो रूम की स्थिति है। कुछ ट्रेनों की स्लीपर श्रेणी में वेटिंग 400 के पार होने के बाद भी धड़ाधड़ बुकिंग हो रही है। अन्य श्रेणियों में भी लंबी वेटिंग के बावजूद बुकिंग हो रही हैं। सप्ताह में एक, दो और तीन दिन चलने वाली ट्रेनों में भी कन्फर्म टिकट के लिए मारामारी है।
बरेली-वाराणसी एक्सप्रेस में कुछ तारीखों में सीटें उपलब्ध
14236 बरेली-बनारस एक्सप्रेस में 23 अप्रैल के बाद एसी प्रथम, द्वितीय और तृतीय श्रेणियों में आरएसी कोटे के तहत गिनी-चुनी सीटें उपलब्ध हैं। यह ट्रेन बरेली-अयोध्या के बीच यात्रा पूरी करने में नौ घंटे का समय लेती है, जबकि अन्य ट्रेनें छह से आठ घंटे में यात्रा पूरी करती हैं।
बस सेवा शुरू होने की उम्मीद नहीं
रोडवेज ने अयोध्या के लिए बस सेवा भी शुरू की थी लेकिन यह दो महीने भी नियमित रूप से संचालित नहीं हो सकी। ट्रेनों में कन्फर्म टिकट के लिए मारामारी के बीच भी अयोध्या बस सेवा शुरू होने की उम्मीद नहीं है। दरअसल, लोकसभा चुनाव के लिए रीजन की ज्यादातर नई बसों का अधिग्रहण कर लिया गया है। ऐसे में इस सेवा के शुरू होने की उम्मीद नहीं है।
अभी ये है नियमित ट्रेनों में भीड़ की स्थिति (10 मई तक)
13308 गंगा सतलुज एक्सप्रेस : स्लीपर श्रेणी में नो रूम, एसी प्रथम, द्वितीय और तृतीय श्रेणियों में भी लंबी वेटिंग।
13152 कोलकाता एक्सप्रेस : कई तारीखों में स्लीपर श्रेणी में नो रूम, एसी इकॉनमी, द्वितीय और तृतीय श्रेणियों में लंबी वेटिंग।
13010 योगनगरी-हावड़ा एक्सप्रेस : स्लीपर श्रेणी में वेटिंग 400 के पार, एसी द्वितीय और तृतीय श्रेणी में भी वेटिंग 100 तक पहुंची।
14206 अयोध्या एक्सप्रेस : स्लीपर श्रेणी में वेटिंग 200 तक पहुंची। एसी प्रथम, द्वितीय और तृतीय श्रेणी में भी कन्फर्म टिकट नहीं।
(इसके अलावा सप्ताह में एक, दो व तीन दिन चलने वाली चार अन्य ट्रेनों में भी यही स्थिति है।)