UP News: जेवर के बाद बरेली-दिल्ली हवाई सेवा को भी हरी झंडी, शेड्यूल जारी; जानिए किराया
एक जुलाई से बरेली-दिल्ली और दो जुलाई से बरेली-जेवर के लिए हवाई सेवा शुरू हो जाएगी। दोनों का शुरुआती किराया 4500 रुपये है। बरेली-दिल्ली के लिए सप्ताह में तीन और बरेली-जेवर के लिए चार दिन उड़ानें होंगी।
विस्तार
बरेली-जेवर के बाद बरेली-दिल्ली के लिए भी हवाई सेवा को हरी झंडी मिल गई है। एक जुलाई से बरेली-दिल्ली और दो से बरेली-जेवर के बीच उड़ानें शुरू हो जाएंगी। इंडिगो एयरलाइंस ने दोनों उड़ानों का शेड्यूल जारी करते हुए बुकिंग भी शुरू कर दी है। बरेली-दिल्ली और बरेली-जेवर के बीच शुरुआती किराया 4500 रुपये रखा गया है।
बरेली-जेवर के बीच उड़ान को भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने पहले ही एनओसी दे दी थी, लेकिन जेवर एयरपोर्ट के ऑपरेशनल होने का इंतजार था। इधर, बरेली-दिल्ली के बीच उड़ान दिल्ली एयरपोर्ट पर स्लॉट न मिलने के कारण शुरू नहीं हो पा रही थी। अब दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्लॉट मिल गया है।
बरेली एयरपोर्ट के निदेशक अवधेश अग्रवाल ने बताया कि बरेली-दिल्ली के बीच सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को उड़ान होगी। वहीं बरेली-जेवर के बीच सप्ताह में चार दिन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को हवाई सेवा मिलेगी। इंडिगो एयरलाइंस ने टिकट बुकिंग शुरू कर दी है।
- दिल्ली-बरेली: अपराह्न 1:30 बजे- 2:45 बजे
- बरेली-दिल्ली: अपराह्न 3:00 बजे-4:04 बजे
- बरेली-जेवर अपराह्न 12:05 बजे-1:00 बजे
- जेवर-बरेली : सुबह 10:30 बजे-11:20 बजे
अब जयपुर और लखनऊ के लिए हवाई सेवा का इंतजार
बरेली-मुंबई के बीच सप्ताह में चार और बरेली-बंगलूरू के बीच सप्ताह में तीन दिन हवाई सेवा है। एक जुलाई से बरेली-दिल्ली और बरेली-जेवर के बीच भी उड़ानें शुरू हो जाएंगी। इसके बाद लोगों को बरेली-जयपुर और बरेली-लखनऊ के बीच उड़ानें शुरू होने का इंतजार है। एयरपोर्ट प्रशासन बरेली-दिल्ली की उड़ान को लखनऊ तक विस्तार देने की तैयारी कर रहा है। यह उड़ान बरेली से कनेक्ट करते हुए रहेगी। इसके अलावा बरेली-कुशीनगर के बीच भी हवाई सेवा प्रस्तावित है।